अंबाला से पंजाब की तरफ जाने वाले सावधान, नहीं मिलेगा रास्ता

 अंबाला से पंजाब की तरफ जाने वाले सावधान, नहीं मिलेगा रास्ता

अंबाला हरियाणा के अंबाला में पंजाब की तरफ से आने वाले सभी मार्गों को जिला प्रशासन ने बंद करने का निर्णय ले लिया है। जल्द ही इन मार्गों पर बैरिकेडिंग लगा दी जाएगी।

इसके साथ ही चंडीगढ़ से आने जाने वाले मार्ग को भी बंद कर दिया गया है। अभी जाम में सैंकड़ों वाहन फंसे हुए हैं ऐसे में चंडीगढ़ जाने के लिए एक लेन फिलहाल के लिए खोली गई है। आने वाला रास्ता बंद है। वहीं अंबाला में सेक्टर 10 स्थित राजीव गांधी खेल स्टेडियम को अस्थाई जेल बना दिया गया है। ताकि किसानों की गिरफ्तारी होने पर यहां लाया जा सके।

 किसानों के दिल्ली कूच के चलते अंबाला कुरुक्षेत्र कैथल जींद हिसार फतेहाबाद सिरसा में इंटरनेट सेवाएं बंद करने का प्रसाशन ने फैसला लिया है। शनिवार रात से तीन दिनों तक इन जिलों में इंटरनेट बंद रहेगा। हरियाणा के अंबाला में किसान आंदोलन से पहले पंजाब हरियाणा की सीमा बंद होने से पंजाब के पटियाला, लुधियाना, अमृतसर और जालंधर के करीब 14 रूट प्रभावित रहे। इसमें पंजाब रोडवेज की 147 बसें अपने गंतव्य तक नहीं जा सकीं।

यह बसें अंबाला होकर दिल्ली, उत्तराखंड और अन्य राज्यों को जाती हैं। अंबाला डिपो की करीब 50 बसों में से सिर्फ 18 बसों का ही संचालन किया। जो बसें वाया चंडीगढ़ पंजाब में गईं उन्हें 40 किलोमीटर अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा है। जबकि अंबाला छावनी से 28 किलाेमीटर के सफर में राजपुरा पहुंच जाते हैं।

 अंबाला छावनी बस अड्डा से पटियाला के लिए रोजाना करीब 20 बसों का संचालन होता है। लेकिन शनिवार को 9 बसें ही पटियाला जा सकीं। इसी तरह से लुधियाना के लिए भी 20 बसों को संचालन होता है लेकिन चार बसें ही लुधियाना जा सकीं। वहीं अंबाला छावनी से जालंधर के लिए चार बसों का संचालन होता है लेकिन एक बस ही जालंधर जा सकी। जबकि अमृतसर तीन बसें जाती हैं जोकि सुबह के समय तीनों बसे अमृतसर के लिए रवाना की गईं।