नशा पीडि़तों के सुधार के लिए पंजाब सरकार खोलेगी 'परिवर्तन केंद्र'

नशा पीडि़तों के सुधार के लिए पंजाब सरकार खोलेगी 'परिवर्तन केंद्र'

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डा. बलबीर सिंह ने बुधवार को शहीद करतार सिंह सराभा की जयंती के मौके पर मुख्यमंत्री भगवंत मान के विजन के अनुरूप राज्य को रंगला पंजाब बनाने के लिए पंजाब को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया।

लुधियाना में उनके गांव सराभा में महान शहीद को पुष्पांजलि अर्पित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, "यह शहीद करतार सिंह सराभा को सच्ची श्रद्धांजलि होगी यदि हम राज्य से नशे के खतरे को खत्म कर सकें।"

बलबीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार पहले ही इस दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए बहादुरी से लड़ने वाले हमारे पूर्वजों के सपने को साकार करने में नशाखोरी एक गंभीर बाधा थी। उन्होंने कहा कि समय आ गया है जब नशों के खि़लाफ़ जंग को एक जनांदोलन में तबदील किया जाए ताकि पंजाब को नशों से मुक्त किया जा सके।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार पूरे राज्य में 'परिवर्तन केंद्र' खोलेगी जहां नशा पीड़ितों का इलाज, परामर्श और पुनर्वास किया जाएगा।

डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि शहीद करतार सिंह सराभा देश के सबसे कम उम्र के शहीद थे, जिन्होंने 19 वर्ष की आयु में शहादत प्राप्त की। उन्होंने कहा कि शहीद करतार सिंह सराभा का बलिदान हमेशा युवाओं को राष्ट्र की सेवा करने के लिए प्रेरित करने के लिए एक प्रकाश स्तंभ के रूप में कार्य करेगा।

उन्होंने यह भी याद किया कि हमारे महान स्वतंत्रता सेनानियों ने आने वाली पीढ़ियों की बेहतरी और देश और राज्य की समग्र प्रगति सुनिश्चित करने के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा, "हमें अपने स्वतंत्रता सेनानियों की आकांक्षाओं को संजोने के लिए कड़े प्रयास करने चाहिए।" उन्होंने स्थानीय लोगों की सभी समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन भी दिया।

रायकोट के विधायक हाकम सिंह ठेकेदार ने भी सभा को संबोधित किया और कहा कि पंजाब सरकार नशीली दवाओं के दुरुपयोग जैसी सामाजिक कुरीतियों को खत्म करके राज्य को रंगला पंजाब में बदलने के लिए प्रतिबद्ध है।