धामी सरकार ने दी पुलिसकर्मियों को 4600 ग्रेड पे की सौगात

धामी सरकार ने दी पुलिसकर्मियों को 4600 ग्रेड पे की सौगात
CM Pushkar Singh Dhami (File Pic)

देहरादून:मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस स्मृति दिवस परेड अवसर पर 2001 में भर्ती हुए सिपाहियों को 4600 ग्रेड पे की सौगात देने की घोषणा की है। हालांकि, अभी अन्य प्रकरणों पर कैबिनेट की उपसमिति और वेतन विसंगति समिति काम कर रही है। इसके अलावा देहरादून में पुलिस संग्रहालय बनाने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने परेड की सलामी लेने के बाद इस साल ड्यूटी पर शहीद हुए तीन पुलिसकर्मियों के परिजनों को सम्मानित किया। 
पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोलते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज विश्व आतंकवाद और कोविड-19 की चुनौतियों से जूझ रहा है। इन चुनौतियों से लड़ने के लिए सुनियोजित रणनीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। देश की आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की होती है। इसके लिए अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए इन्हें अपने प्राणों की आहुति भी देनी पड़ती है। 
बीते एक साल में राज्यों की पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के 377 के कर्मचारी शहीद हुए हैं। इनमें से तीन पुलिसकर्मी उत्तराखंड के भी शामिल हैं। उत्तराखंड भौगोलिक व सामरिक महत्व के मद्देनजर बेहद संवेदनशील है। यहां अंतरराष्ट्रीय सीमाएं नेपाल और चीन के साथ मिलती हैं। इसके अलावा कई अन्य चुनौतियां जिनमें बड़े त्योहार, चारधाम यात्रा, आपदा, भूस्खलन, कांवड़ यात्रा आदि प्रमुख हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें आशा ही नहीं बल्कि पूरा विश्वास है कि उत्तराखंड पुलिस इन चुनौतियों का सामना करने में सफल होगी। 
इस अवसर पर उन्होंने पुलिसकर्मियों की ग्रेड पे की मांग को भी मंजूरी दे दी। मुख्यमंत्री की इस घोषणा के बाद करीब 1500 सिपाहियों को इसका लाभ मिलेगा। घोषणा के बाद पुलिसकर्मियों के परिजनों में भी उत्साह है। कार्यक्रम में मंत्री धन सिंह रावत, गणेश जोशी, मेयर देहरादून सुनील उनियाल गामा, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक हरबंस कपूर, कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, खजान दास, विनोद चमोली, मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक सुभाष जोशी, अनिल के रतूड़ी, एडीजी पीवीके प्रसाद, एडीजी अभिनव कुमार आदि उपस्थित रहे।