चैंपियंस ट्रॉफी से पहले बाबर आजम को ICC से बड़ा झटका, पंजाब के इस क्रिकेटर को मिला नंबर-1 का ताज.

चैंपियंस ट्रॉफी से पहले बाबर आजम को ICC से बड़ा झटका, पंजाब के इस क्रिकेटर को मिला नंबर-1 का ताज.

पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी शुरू होने से पहले बड़ा झटका लगा है। आईसीसी वनडे रैंकिंग में उनका लंबा राज अब खत्म हो गया है। बुधवार को जारी ताजा वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में भारतीय टीम के उपकप्तान शुभमन गिल ने शीर्ष स्थान पर कब्जा कर लिया है। गिल वनडे में नंबर एक रैंकिंग हासिल करने वाले केवल चौथे भारतीय हैं।

शुभमन गिल बुधवार (19 फरवरी) को पाकिस्तानी स्टार बल्लेबाज और पूर्व कप्तान बाबर आजम को पछाड़कर दुनिया के नए नंबर 1 वनडे बल्लेबाज बन गए। भारतीय सलामी बल्लेबाज इन दिनों शानदार फॉर्म में हैं। इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में उन्होंने खूब रन बनाए जिसका फायदा उन्हें आईसीसी रैंकिंग में मिला है। पंजाब के 25 वर्षीय बल्लेबाज के 796 रेटिंग अंक हैं, जो बाबर (773) से 23 अधिक हैं। यह दूसरी बार है जब गिल वनडे रैंकिंग में नंबर 1 स्थान पर पहुंचे हैं।

गिल ने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ संपन्न तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया। गिल ने नागपुर में खेले गए पहले मैच में 96 गेंदों पर 87 रन बनाए थे। कटक में खेले गए दूसरे मैच में उन्होंने 52 गेंदों पर 60 रन बनाए। गिल ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सीरीज के आखिरी मैच में शानदार शतक लगाया। इस दौरान उन्होंने 102 गेंदों का सामना कर 14 चौके और तीन छक्के लगाए।