लोकसभा चुनाव का पांचवां चरणः 6 राज्य, 2 केंद्र शासित प्रदेश, 48 सीट, मतदान जारी, जमीन पर उतरे सितारे...

लोकसभा चुनाव का पांचवां चरणः 6 राज्य, 2 केंद्र शासित प्रदेश, 48 सीट, मतदान जारी, जमीन पर उतरे सितारे...

लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए सोमवार के दिन वोटिंग हो रही है। आज के मतदान में 8 करोड़ 95 लाख से ज्यादा मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। इनमें 4 करोड़ 69 लाख पुरुष, 4 करोड़ 26 लाख महिलाएं शामिल हैं तो वहीं 5,409 थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल हैं। आज मुंबई में भी मतदान हो रहा है। ऐसे में फिल्मी सितारे भी आज उत्साह के साथ पोलिंग बूथ पर पहुंचे और मतदान किया। फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार ने भारत की नागरिकता मिलने के बाद पहली बार वोट किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मुझे वोट करके बहुत अच्छा लग रहा है। इसी तरह शाहरुख खान, आमिर खान, गुलजार साहब, जावेद अख्तर, शबाना आजमी, धर्मेंद्र, हेमा मालिनी, ऋतिक रोशन, राजकुमार राव, रेखा, परेश रावल, अनुपम खेर, अनिल कपूर, जाहन्वी कपूर, कियारा आडवाणी, रणबीर कपूर, दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह यानी पुराने से लेकर नए फिल्मी सितारों तक ने मतदान में रुचि दिखाई और मतदान केंद्र तक पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

बात राजनीतिज्ञों की करें तो महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ठाणे में अपना वोट डाला। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा कि ‘आपका एक वोट देश का विकास करेगा और देश को महाशक्ति बनने में मदद करेगा।

शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने पुणे के एक मतदान केंद्र में अपना वोट डाला। इस दौरान उनकी पत्नी रश्मी और बेटे आदित्य ने भी अपने मत का प्रयोग किया।

दूसरी ओर केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में वोट डाला। वो अपने परिवार के साथ मतदान करने पहुंचे। वोट डालने के बाद उन्होंने लोगों से मतदान करने की अपील की।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और स्मृति ईरानी ने भी अपने मत का प्रयोग किया। वोट डालने के बाद स्मृति ईरानी ने लोगों से मतदान करने की अपील करते हुए कहा, "यह देश के भविष्य के प्रति हमारी जिम्मेदारी है।"

बीजेपी के सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने भी अपने मत का प्रयोग किया। आपको बता दें कि बृजभूषण शरण सिंह के बेटे करण भूषण सिंह कैसरगंज सीट से बीजेपी के प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। इस दौरान बृजभूषण ने कहा कि जनता करण भूषण को दोगुने वोटों से जिता रही है। वहीं मायावती ने लखनऊ के एक मतदान केंद्र पर मतदान किया। वोटिंग के बाद उन्होंने कहा कि वो बदलाव की उम्मीद कर रही हैं।