पंजाब में भारी बारिश का अलर्ट जारी, इन इलाकों को दी गई चेतावनी
पंजाब में आज (26 अगस्त) भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के 9 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि अन्य जिलों में येलो अलर्ट है।
पिछले कुछ दिनों में हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में हुई बारिश का असर पंजाब में भी देखने को मिला। रणजीत सागर बांध और भाखड़ा बांध का जलस्तर बढ़ने के कारण लगातार पानी छोड़ा जा रहा है।
रणजीत सागर से छोड़े गए पानी के कारण रावी नदी में बाढ़ आ गई है। इसका असर पठानकोट में ज़्यादा देखने को मिला। गुरदासपुर के मकोरा पाटन के 7 गाँवों का भारत से संपर्क टूट गया है।
इसके साथ ही, जालंधर, कपूरथला, पठानकोट और गुरदासपुर ज़िलों और अमृतसर के अजनाला और रईया ब्लॉक के स्कूल आज बंद हैं। जबकि फाज़िल्का के लगभग 20 बाढ़ प्रभावित गाँवों के स्कूल अगले आदेश तक बंद कर दिए गए हैं।
इसके साथ ही, भाखड़ा से छोड़े गए पानी का असर सतलुज में भी देखा जा रहा है। हालाँकि, सतलुज का जलस्तर फिलहाल सामान्य है।
हरिके हेडवर्क्स से छोड़े गए पानी का असर तरनतारन, फिरोजपुर और फाजिल्का इलाकों में देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि वे 11 अगस्त से अपने घरों में फंसे हुए हैं।
नावों से दो मिनट का सफ़र तय करने में एक घंटा लग जाता है। खाने-पीने का सामान और घर के लिए राशन लेने के लिए उन्हें बार-बार गाँव से बाहर आना पड़ता है।