लुधियाना में साइबर क्राइम पुलिस ने नकली CBI कर्मी पर केस किया दर्ज, आरोपी ने दिया था मनी लॉंड्रिंग के केस दर्ज करने का डरावा, 8.8 लाख रुपये ठगे
लुधियाना में साइबर क्राइम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने यहां नकली सीबीआई कर्मचारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। हालांकि आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस अभी छापामारी कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार ठगों ने एक व्यक्ति से यह कहकर 8.8 लाख रुपये ठग लिए कि उन पर मुंबई में मनी लॉंड्रिंग का केस दर्ज हुआ है। ठगों ने पीड़ितों को फेक अरेस्ट वारंट भी भेजकर भी डराया।
इसके अलावा ठगों ने पीड़ित व्यक्ति से यह तक कहा कि अगर वो इस मामले में पुलिस को शामिल करता है तो उसे ही परेशानी होगी। इस मामले के सामने आने के बाद थाना साइबर क्राइम की पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने केस एसबीएस नगर निवासी भूपिंदर सिंह की शिकायत पर दर्ज किया है।

शिकायतकर्ता भूपिंदर सिंह ने बताया कि उसको 21 अक्टूबर के दिन एक फोन कॉल आई। जिसमें सामने वाले ने कहा कि वो मुंबई से सीबीआई का कर्मचारी बोल रहा है। आरोपी ठग ने पीड़ित से कहा कि उसके आधार कार्ड के जरिए मुंबई में एक खाता खुला हुआ है। इसके बाद ठग ने कहा कि उसके खिलाफ ईडी में भी मनी लॉंड्रिंग का केस दर्ज हुआ है।
21 अक्टूबर से लेकर 29 अक्टूबर तक उसे इसी तरह से ठग ने डराया धमकाया। इस दौरान कभी वो खुद को सीबीआई का कर्मचारी बताता तो कभी आरबीआई का अफसर बनकर फोन पर बात करता था। इसी दौरान ठग की ओर से पीड़ित को फेक अरेस्ट वारंट भेजे गए, जिन्हें देखकर पीड़ित ठग के झांसे में आ गया। क्योंकि अरेस्ट वारंट देख पीड़ित डर गया और इसके बाद ठगों ने पीड़ित के खाते में पड़े 8.08 लाख रुपये अपने पास ट्रांसफर करवा लिए।