जालंधर में पुलिस मुठभेड़ में जग्गू गैंग का शूटर घायल, दो साथी भी पकड़े गए
पंजाब के जालंधर में बुधवार को पुलिस और जग्गू भगवानपुरिया गैंग के शूटरों के बीच एनकाउंटर हुआ। इस मुठभेड़ में गैंग का एक शूटर गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने घटनास्थल से अवैध हथियार बरामद किए हैं।
घायल आरोपी की पहचान मनकरण सिंह के रूप में हुई है, जो अमृतसर के धर्मा मर्डर केस में वांटेड था। जानकारी के मुताबिक, पुलिस को उसकी लोकेशन सलेमपुर मसंदा इलाके में मिली थी। जब टीम ने उसे पकड़ने की कोशिश की, तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में मनकरण को पेट में गोली लगी। फिलहाल उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तड़के रामामंडी इलाके में कुछ बदमाशों ने फायरिंग की थी। इसके बाद जब पुलिस ने उनकी घेराबंदी की, तो तीनों आरोपी— मनकरण सिंह, सिमरनजीत सिंह और जयवीर सिंह- ने पुलिस पर गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में मनकरण घायल हुआ जबकि दोनों साथी गिरफ्तार कर लिए गए।
मनकरण पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसके संबंध जग्गू भगवानपुरिया तथा अमृत दालम गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं। वह धर्मजीत उर्फ धर्मा हत्याकांड में शामिल था, जिसमें 26 सितंबर को थाना छेहरटा में FIR नंबर 193 दर्ज की गई थी। पुलिस के अनुसार, धर्मा अपने घर के बाहर कार पार्क कर रहा था जब तीन हमलावरों ने गोलियां बरसाकर उसकी हत्या कर दी थी।