प्रधानमंत्री मोदी द्वारा बैराबी-सैरांग लिंक का उद्घाटन करने के बाद मिजोरम को मिलेगा पहला रेलवे लिंक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मिज़ोरम के आइज़ोल में नौ हज़ार करोड़ रुपये से ज़्यादा की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। ये परियोजनाएँ रेलवे, सड़क मार्ग, ऊर्जा और खेल समेत कई क्षेत्रों को लाभान्वित करेंगी। इस अवसर पर श्री मोदी एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। विश्वस्तरीय बुनियादी ढाँचे और अंतिम छोर तक कनेक्टिविटी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप, प्रधानमंत्री बैराबी-सैरांग नई रेलवे लाइन का उद्घाटन करेंगे, जिसका निर्माण 8 हज़ार करोड़ रुपये से ज़्यादा की लागत से किया गया है। चुनौतीपूर्ण पहाड़ी क्षेत्र में बनी इस रेल लाइन में जटिल भूगर्भीय परिस्थितियों में 45 सुरंगें बनाई गई हैं। इसके अतिरिक्त, इसमें 55 बड़े पुल और 88 छोटे पुल भी शामिल हैं।
आइज़ोल अब राजधानी एक्सप्रेस के ज़रिए दिल्ली से सीधे जुड़ जाएगा। सैरांग-गुवाहाटी एक्सप्रेस मिज़ोरम और असम के बीच आवाजाही को सुगम बनाएगी। सैरांग-कोलकाता एक्सप्रेस मिज़ोरम को सीधे कोलकाता से जोड़ेगी।
इसके अलावा, सड़क अवसंरचना को बढ़ावा देने के लिए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई सड़क परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इनमें आइज़ोल बाईपास रोड, थेनज़ोल-सियालसुक रोड और खानकॉन-रोंगुरा रोड शामिल हैं। प्रधानमंत्री की पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास पहल योजना के तहत 500 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाली 45 किलोमीटर लंबी आइज़ोल बाईपास रोड का उद्देश्य आइज़ोल शहर में भीड़भाड़ कम करना, लुंगलेई, सियाहा, लॉन्गतलाई, लेंगपुई हवाई अड्डे और सैरांग रेलवे स्टेशन आदि से कनेक्टिविटी में सुधार करना है।
प्रधानमंत्री लॉन्गतलाई-सियाहा रोड पर छिमटुईपुई नदी पुल की भी आधारशिला रखेंगे। यह सभी मौसमों में कनेक्टिविटी प्रदान करेगा और यात्रा के समय को दो घंटे कम करेगा। यह पुल कलादान मल्टीमॉडल ट्रांजिट फ्रेमवर्क के तहत सीमा पार वाणिज्य को भी बढ़ावा देगा।
अपनी यात्रा के दौरान, श्री मोदी खेल विकास के लिए खेलो इंडिया बहुउद्देशीय इनडोर हॉल की आधारशिला भी रखेंगे। क्षेत्र में ऊर्जा अवसंरचना को मजबूत करते हुए प्रधानमंत्री आइजोल के मुआलखांग में 30 हजार मीट्रिक टन प्रतिवर्ष क्षमता वाले एलपीजी बॉटलिंग प्लांट की आधारशिला रखेंगे। वह प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम योजना के तहत कवर्था में आवासीय विद्यालय और तलंगनुआम में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का भी उद्घाटन करेंगे।