PM मोदी पंजाब और हिमाचल के दौरे पर रवाना, सोशल मीडिया पर दी जानकारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 9 सितंबर को पंजाब और हिमाचल प्रदेश के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली से रवाना हो चुके हैं।
वह बाढ़ प्रभावित राज्यों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। PM मोदी ने अपने एक्स पर पोस्ट करके यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि वह हिमाचल प्रदेश और पंजाब में बाढ़ और भूस्खलन के हालात का जायजा लेने के लिए रवाना हो रहे हैं। भारत सरकार इस दुखद घड़ी में प्रभावित लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी सबसे पहले अपने विमान से पठानकोट पहुँचेंगे। पठानकोट पहुँचने के बाद, वह हेलीकॉप्टर से हिमाचल प्रदेश जाएँगे। हिमाचल प्रदेश के तीन सबसे ज़्यादा बाढ़ प्रभावित ज़िलों चंबा, कुल्लू और मंडी का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद, वह लगभग 11:30 बजे गग्गल हवाई अड्डे पर उतरेंगे। यहाँ से वह धर्मशाला जाएँगे और लगभग 12 बजे अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
दोपहर 12:00 बजे प्रधानमंत्री धर्मशाला में आपदा से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे। चूँकि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की तबियत ठीक नहीं है, इसलिए पंजाब के मुख्य सचिव बाढ़ से हुए नुकसान की रिपोर्ट प्रधानमंत्री को देंगे। शाम 4 बजे प्रधानमंत्री गुरदासपुर के टिबरी इलाके जाएँगे। वह बाढ़ प्रभावित लोगों से मिलेंगे और उनकी समस्याएँ सुनेंगे।