राज्यपाल पंजाब सरकार पर नशे को लेकर लगातार सवाल उठाते हैं, लेकिन वह चंडीगढ़ से पंजाब पहुंच रहे अवैध शराब पर रोक कब लगाएंगे? - मलविंदर सिंह कंग

राज्यपाल पंजाब सरकार पर नशे को लेकर लगातार सवाल उठाते हैं, लेकिन वह चंडीगढ़ से पंजाब पहुंच रहे अवैध शराब पर रोक कब लगाएंगे? - मलविंदर सिंह कंग

नशे को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित पर सवाल खड़े किए हैं और चंडीगढ़ से पंजाब में शराब तस्करी होने का आरोप लगाया है।
 
रविवार को 'आप' पंजाब के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने कहा कि नशे को लेकर राज्यपाल से सवाल करते हुए कहा कि राज्यपाल रोज पंजाब सरकार पर नशे को लेकर सवाल उठाते हैं, लेकिन वह चंडीगढ़ से पंजाब में हो रहे अवैध शराब की तस्करी पर रोक कब लगाएंगे?

उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ से रोज बड़ी मात्रा में अवैध और मिलावट वाली शराब की तस्करी पंजाब में हो रही है। इसके कारण शराब माफिया को बढ़ावा मिल रहा है और चंडीगढ़ को आर्थिक नुकसान भी हो रहा है। 

चूंकि पंजाब के राज्यपाल चंडीगढ़ के एडमिनिस्ट्रेटर हैं। इसलिए इसे रोकना उनकी जिम्मेवारी है। कंग ने राज्यपाल से अपील की कि वह चंडीगढ़ के एडमिनिस्ट्रेटर होने के नाते शराब तस्करी को रोकने के उचित उपाय करें।

उन्होंने कहा कि दूसरे पर सवाल उठाना और खुद को ठीक करने में बहुत अंतर है। इसलिए अब राज्यपाल को पंजाब सरकार पर नशा से संबंधित सवाल उठने से पहले चंडीगढ़ का एडमिनिस्ट्रेशन दुरुस्त करना चाहिए और नशा माफिया पर लगाम लगाना चाहिए।