हरियाणा में कल विधानसभा चुनाव के लिए मतदान, 20,632 पोलिंग बूथों पर प्रदेश के 2 करोड़ से ज्यादा मतदाता करेंगे मतदान
हरियाणा में 5 अक्टूबर सुबह 7 बजे से 15वीं विधानसभा के लिए वोटिंग शुरू हो जाएगी। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। मतदान के लिए प्रदेश में 20,632 पोलिंग बूथ स्थापित किए गए हैं। जिनमें प्रदेश के 2 करोड़ 3 लाख 54 हजार 350 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इसके लिए पोलिंग टीमें ईवीएम और वीवीपैट मशीनें लेकर बूथों तक पहुंच गई हैं। वोटों की गिनती 8 अक्टूबर को होगी।

आपको बता दें कि मतदान के दौरान इसकी फोटो खींचने और वीडोय रिकॉर्डिंग की मनाही होगी। वोटिंग के दौरान मतदाता अपना मोबाइल अपने साथ नहीं ले जा सकेंगे।मतदान के लिए पुलिस ने भी अपनी तैयारी पूरी कर ली है। सुरक्षा व्यवस्था के चाक-चौबंद प्रबंध किए गए हैं।

हरियाणा के डीजीपी शत्रुजीत कपूर ने बताया कि प्रदेश में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करवाने के लिए 29,462 पुलिसकर्मी, 21,196 होमगार्ड के जवान और 10,403 एसपीओ तैनात किए गए हैं। इसके अलावा अर्धसैनिक बलों की 225 कंपनियां भी तैनात की गई हैं। इस दौरान हिस्ट्रीशीटर पुलिस के रडार पर रहेंगे। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि 16 अगस्त से 4 अक्टूबर के बीच पुलिस 51 करोड़ रुपये का सामान पकड़ चुकी है।
वहीं बात करें मौसम की तो मौसम विभाग ने वोटिंग के लिए बारिश का भी अलर्ट जारी किया है। कल के दिन प्रदेश के 18 जिलों में बारिश हो सकती है। 7 जिलों में बारिश की प्रतिशतता 25 से 50 फीसद है। इनमें हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी शामिल हैं।