कौन हैं कशिश चौधरी, जिन्होंने बलूचिस्तान में रचा इतिहास
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में 25 वर्षीय कशिश चौधरी ने इतिहास रच दिया है। आपको बता दें कि वह इस अशांत प्रांत में सहायक आयुक्त के पद पर नियुक्त होने वाली अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय की पहली महिला बन गई हैं।
आपको बता दें कि बलूचिस्तान के चगाई जिले के नोशकी कस्बे की रहने वाली कशिश चौधरी ने बलूचिस्तान लोक सेवा आयोग की परीक्षा पास कर ली है।
सोमवार को कशिश ने अपने पिता गिरधारी लाल के साथ क्वेटा में प्रांतीय मुख्यमंत्री सरफराज बुगती से मुलाकात की और उनसे कहा कि वह महिलाओं और अल्पसंख्यकों के सशक्तिकरण और प्रांत के समग्र विकास के लिए काम करेंगी।
क्या कहा बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री ने?
व्यवसायी गिरधारी लाल ने मीडिया से कहा, "यह मेरे लिए बहुत गर्व की बात है कि मेरी बेटी ने अपनी मेहनत और लगन से सहायक आयुक्त का पद हासिल किया है।
मेरी बेटी हमेशा से ही पढ़ाई करने और महिलाओं के लिए कुछ करने का सपना देखती थी।" वहीं मुख्यमंत्री बुगती ने कहा कि यह देश के लिए गर्व की बात है जब अल्पसंख्यक समुदाय के लोग अपनी मेहनत और प्रयासों से महत्वपूर्ण पदों पर पहुंचते हैं। कशिश देश और बलूचिस्तान के लिए गौरव का प्रतीक है।