बुजुर्ग माता-पिता की सेवा करने पर मिलता है इनाम
सिक्किम सरकार ने राज्य के 199 लोगों का चयन किया है, जिन्हें अपने बुजुर्ग माता-पिता की सेवा के लिए एक-एक लाख रुपये का 'श्रवण कुमार पुरस्कार' दिया जाएगा। एक अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि सभी 199 लाभार्थियों को शुक्रवार को विभिन्न जिलों में आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ये पुरस्कार प्रदान किए जाएँगे।
मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग की सरकार ने अपने बुजुर्ग माता-पिता के प्रति समर्पण और उनकी देखभाल करने वाले बेटे-बेटियों को सम्मानित करने के लिए 'श्रवण कुमार पुरस्कार' शुरू किया है।
इस पुरस्कार का नाम पौराणिक पात्र श्रवण कुमार के नाम पर रखा गया है, जिन्होंने अपने नेत्रहीन माता-पिता की सेवा की थी।
एक अधिकारी ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य पारिवारिक मूल्यों को बढ़ावा देना, बुजुर्गों के प्रति सम्मान बढ़ाना और सिक्किम में वृद्धावस्था में माता-पिता की देखभाल करने की परंपरा को संरक्षित करना है।
उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री स्वयं कल राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल पलजोर स्टेडियम में गंगटोक जिले के 22 लोगों को सम्मानित करेंगे, जबकि पाकयोंग, सोरेंग, नामची, गीसिंग और मंगन के पुरस्कार विजेताओं को उनके संबंधित जिलों में सम्मानित किया जाएगा।"