गणतंत्र दिवस परेड में देवभूमि का गौरव बढाएंगे कैप्टन शुभम शर्मा

गणतंत्र दिवस परेड में देवभूमि का गौरव बढाएंगे कैप्टन शुभम शर्मा
गणतंत्र दिवस परेड में देवभूमि का गौरव बढाएंगे कैप्टन शुभम शर्मा

Republic Day 2021 परेड के दौरान दिल्ली के राजपथ पर देहरादून के राजेंद्रनगर के रहने वाले कैप्टन शुभम शर्मा कोर ऑफ सिग्नल के एडवांस इलेक्ट्रानिक वॉरफेयर सिस्टम 'समविजय' के कंटेनजेन दस्ते का नेतृत्व कर राज्य का नाम रोशन करेंगे। दून के राजेंद्रनगर निवासी कैप्टन शुभम वर्तमान में टू इलेक्ट्रानिक वॉरफेयर बटालियन में तैनात हैं। ट्रेनिंग पूरी कर वह दिसंबर 2015 में भारतीय सैन्य अकादमी से पास आउट हुए थे। इलेक्ट्रानिक वॉरफेयर तकनीक में वह पारांगत सैन्य अधिकारी हैं। इससे पहले गत 15 जनवरी को सेना दिवस के उपलक्ष में हुई परेड में भी उन्होंने अपने कंटेनजेन दस्ते को लीड किया था। मौजूदा समय में युद्ध की बदलती नीति को देखते हुए भारतीय सेना को कुछ समय पहले ही इलेक्ट्रानिक वॉरफेयर सिस्टम से लैस किया गया था। 
यह एक उच्च स्तरीय इंटेलीजेंस उपकरण है। भारत-पाकिस्तान व भारत-चीन सीमा पर इस उपकरण की खास अहमियत है। इसमें विद्युत चुंबकीय स्पेक्ट्रम का उपयोग किया जाता है। इलेक्ट्रानिक युद्ध के दौरान ऊर्जा के द्वारा स्पेक्ट्रम का नियंत्रण, शत्रु पर आक्रमण करना व स्पेक्ट्रम के माध्यम से किसी आक्रमण का प्रतिरोध करना इसकी खासियत है। इस बार कोर ऑफ सिग्नल द्वारा इसे गणतंत्र दिवस परेड में शामिल किया जा रहा है।