शहीद राजेन्द्र नेगी की पत्नी को सरकारी नौकरी देगी त्रिवेन्द्र सरकार

शहीद राजेन्द्र नेगी की पत्नी को सरकारी नौकरी देगी त्रिवेन्द्र सरकार
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने सैनिक कालोनी, अम्बीवाला, देहरादून में 11वीं गढ़वाल रायफल्स के शहीद हवलादार स्व. राजेन्द्र सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

देहरादून: मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने सैनिक कालोनी, अम्बीवाला, देहरादून में 11वीं गढ़वाल रायफल्स के शहीद हवलादार स्व. राजेन्द्र सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने उनके परिवारजनों को सांतवना दी। उन्होंने कहा कि हवलदार राजेन्द्र सिंह के पार्थिव देह को ढ़ूढ़ने के लिए जवानों ने काफी मेहनत की। रक्षा मंत्री एवं सेनाध्यक्ष से भी इस संबंध में बात हुई थी। मुख्यमंत्री पहले भी हवलदार राजेन्द्र सिंह के पिता एवं पत्नी से मिले थे। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शहीद राजेन्द्र सिंह के परिवारजनों को अनुमन्य सहायता राशि दी जायेगी। उनकी पत्नी को उनकी शैक्षिक योग्यता के आधार पर राजकीय सेवा में नौकरी दी जायेगी। इस अवसर पर विधायक हरवंश कपूर, गणेश जोशी, सहदेव सिंह पुण्डीर एवं सैन्य अधिकारियों ने हवलदार राजेन्द्र सिंह के पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
शहीद हवलदार राजेंद्र सिंह नेगी के पार्थिव शरीर को श्रीनगर से विशेष विमान से पार्थिव शरीर को जौलीग्रांट लाया गया। इसके बाद सेना के वाहन से मिलिट्री अस्पताल ले जाया गया। जहां से आज सुबह पार्थिव शरीर को शहीद के अंबीवाला स्थित घर पर लाया गया। जहां परिजनों के अंतिम दर्शन के बाद पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार ले जाया जा रहा है।