बिग ब्रेकिंग : हिमाचल प्रदेश से बीजेपी सांसद रामस्वरूप शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश के मंडी संसदीय क्षेत्र से सांसद 62 वर्षीय रामस्वरूप शर्मा ने दिल्ली स्थित अपने सरकारी आवास में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए। बताया जा रहा है उनका दरवाज़ा अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाज़ा तोड़कर शव बाहर निकाला। वह कुछ समय से अस्वस्थ थे। लेकिन अब उनके स्वास्थ्य में सुधार बताया जा रहा था। बताया जा रहा है रामस्वरूप शर्मा अपनी बीमारी की वजह से डिप्रेशन में थे।
मंडी के शिवरात्रि महोत्सव के शुभारंभ पर 12 मार्च को जब लोगों ने उनकी हालत देख हर कोई स्तब्ध था। उसी दिन शाम को सांस्कृतिक संध्या में भी उनके स्वास्थ्य को लेकर नेताओं में चर्चा बनी हुई थी। रामस्वरूप शर्मा खुद को मोदी का सुदामा बताते थे, उन्होंने मंडी का नाम छोटी काशी के रूप में उभारा। रामस्वरूप शर्मा ने 1985 तक एनएचपीसी में नौकरी की थी व कबड्डी के खिलाड़ी भी रहे। चंबा में इसी दौरान आरएसएस से जुड़ गए व प्रचारक बन गए। उसके बाद 2014 के लोकसभा चुनाव में उन्हें भाजपा का टिकट मिला।
रामस्वरूप शर्मा इस बार मंडी संसदीय क्षेत्र से दूसरी बार सांसद बने थे। 2014 में नरेंद्र मोदी की लहर के बीच उन्होंने कांग्रेस कद्दावर नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह को हराया था। सामान्य परिवार से संबंध रखने वाले रामस्वरूप शर्मा मूलत मंडी जिला के जोगेंद्रनगर के रहने वाले थे। संगठन के कार्यों में भी वह सक्रिय रहते थे। जिला मंडी के भाजपा अध्यक्ष रणवीर सिंह ने बताया कि सांसद के निधन की सूचना मिली है। पार्टी पदाधिकारी व कुछ उनके करीबी लोग दिल्ली के लिए रवाना हुए। उनके निधन के कारण आज (बुधवार) होने वाली भाजपा संसदीय दल की बैठक रद्द कर दी गई है।
गृह मंत्री अमित शाह ने जताया शोक
रामस्वरूप शर्मा के निधन पर गृह मंत्री अमित शाह ने शोक प्रकट किया है।
हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद राम स्वरूप शर्मा जी के आकस्मिक निधन से अत्यंत व्यथित हूं। मैं दुख की इस घड़ी में उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं व दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं: गृह मंत्री अमित शाह pic.twitter.com/rvSjkNx4yd
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 17, 2021