पहले गोरों से लड़े, अब चोरों से लड़ना है : गुजरात में गरजे सीएम भगवंत मान

पहले गोरों से लड़े, अब चोरों से लड़ना है : गुजरात में गरजे सीएम भगवंत मान

डांग(गुजरात)/चंडीगढ़, 22 नवंबर: मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को दावा किया कि गुजरात विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी(आप) ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि 'आप' गुजरात में भाजपा के 27 साल के अत्याचारी शासन को समाप्त कर राज्य में एक नए राजनीतिक युग की शुरूआत करेगी।

डांग में अपने रोड शो के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए सीएम मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएगी। सत्ता में आने के बाद सभी भ्रष्ट नेताओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और लोगों के लुटे हुए पैसे वापस लिए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भाजपा के नेताओं ने अंग्रेजों की तुलना में कहीं अधिक निर्दयता से देश का पैसा लूटा है। उन्होंने एक नारा भी दिया, “पहले लड़े गोरों से, अब लड़ेंगे चोरों से”। 

मान ने लोगों से अपील की और कहा कि अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को एक बार सरकार बनाने का मौका दें। अब समय आ गया है कि गुजरात से भ्रष्ट और अत्याचारी भाजपा नेताओं को बाहर करके राज्य की राजनीति में बदलाव लाया जाए। इन लोगों ने अपनी गलत नीतियों से राज्य की अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया।

मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार लोगों को बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं देकर गुजरात को फिर से विकास के पटरी पर लाएगी।

मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी भाजपा की तरह ऊंची राजनीति नहीं करती। हम जाति- धर्म से ऊपर उठकर लोगों के कल्याण के लिए काम करते हैं। 'आप' आम लोगों की पार्टी है। साधारण पृष्ठभूमि के बेटे-बेटियां ही आम आदमी पार्टी की तरफ से विधानसभा और लोकसभा जाएंगे।