उत्तराखंड: ग्राम प्रधान पर लगा घर में घुसकर युवती से दुष्कर्म का आरोप

उत्तराखंड: ग्राम प्रधान पर लगा घर में घुसकर युवती से दुष्कर्म का आरोप
सांकेतिक तस्वीर

कशीपुर: ऊधम सिंह नगर जिले के एक ग्राम प्रधान पर एक युवती के घर में घुसकर दुष्कर्म का आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर ग्राम प्रधान के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी फरार है, पुलिस उसकी तलाश कर रही है। काशीपुर के कुंडा थाना क्षेत्र निवासी एक ग्रामीण ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि रविवार को वह अपने बेटे को खाना देने फैक्ट्री गया था। उसकी पत्नी भी खेत में चारा लेने गई थी।घर पर उसकी पुत्री अकेली थी। इसी बीच ग्राम गंगापुर निवासी ग्राम प्रधान लखविंदर सिंह लक्खा उसके घर आया और आवाज दी। आवाज सुनकर उसकी पुत्री बाहर आई और उसने माता-पिता के घर में न होने की बात कहकर बाद में आने को कहा।
पुत्री ने जैसे ही दरवाजा बंद करने का प्रयास किया तो आरोपी जबरन घर में घुस आया और अंदर से दरवाजा बंद कर दिया। आरोपी उसकी पुत्री को जबरन घर के अंदर ले गया और दुष्कर्म किया।जब वह बेटे को खाना देकर वापस आया और दरवाजा खटखटाया तो लखविंदर ने दरवाजा खोला। आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुआ फरार हो गया। जब वह घर के अंदर गया तो उसकी पुत्री बदहवास हालत में पड़ी थी और रो रही थी। पुत्रवधु के आने पर उसकी सारी घटना की जानकारी दी। ग्रामीण ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी ग्राम प्रधान के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुंडा थाना प्रभारी विनोद फर्त्याल ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल कराने के बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।