संजय सिंह की गिरफ्तारी का सच जनता को बताएगी आम आदमी पार्टी, 25 लाख घरों में दस्तक देंगे आप कार्यकर्ता

संजय सिंह की गिरफ्तारी का सच जनता को बताएगी आम आदमी पार्टी, 25 लाख घरों में दस्तक देंगे आप कार्यकर्ता

आम आदमी पार्टी ने आज प्रदेश के हर जनपद में घर-घर दस्तक देकर पर्चे बांटे। इन पर्चों में संजय सिंह की गिरफ्तारी का सच बताने का प्रयास किया गया है। गौरतलब है कि पूरे प्रदेश में आज से आम आदमी पार्टी प्रदेश के सभी जिलों में अभियान चलाकर प्रथम चरण में 25 लाख घरों में दस्तक देने जा रही है। अभियान के तहत कार्यकता हर घर पहुंच कर अपने सांसद व उ प्र प्रभारी संजय सिंह की ईडी द्बारा की गयी अवैध गिरफ्तारी का काला सच उजागर कर रहे हैं।

मंगलवार को अभियान के तहत आम आदमी पार्टी चंदौली के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय स्थित कचहरी चंदौली से पर्चा वितरण अभियान की शुरुआत की और चंदौली सदर बाजार में दुकानदारों को एक-एक दुकान जाकर के पर्चा बांटा तथा घर-घर दस्तक दी। घर में मौजूद लोगों को दो पेज का दस्तावेज देकर वरिष्ठ अधिवक्ता आम आदमी पार्टी चंदौली के जिला अध्यक्ष संतोष कुमार पाठक एडवोकेट ने बताया गया कि केंद्र सरकार के इशारे पर संजय सिंह के ऊपर कारवाई की गई है। पर्चे में नारा दिया गया है कि मरना मंजूर है पर डरना नहीं। मतलब साफ है कि पार्टी नेता,कार्यकता अब दबने व डरने वाले नहीं है। वह संजय सिंह की लड़ाई को आर-पार ले जाना चाहते हैं। पर्चा बांट रहे कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ाने के लिए जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में टुकड़ियां बनायी गयी हैं। जो अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर दस्तक दे रही हैं।