तकनीकी खराबी के चलते मुंबई से अमेरिका जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट को लौटना पड़ा वापस

तकनीकी खराबी के चलते मुंबई से अमेरिका जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट को लौटना पड़ा वापस

मुंबई से अमेरिका के नेवार्क के लिए रवाना हुई एअर इंडिया की फ्लाइट AI191 को उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या के कारण बुधवार सुबह मुंबई लौटना पड़ा। यह बोइंग 777 विमान रात करीब 1:50 बजे उड़ा था, लेकिन तीन घंटे से अधिक हवा में रहने के बाद पायलटों ने सावधानी बरतते हुए उसे वापस मुंबई एयरपोर्ट पर उतारा।

एअर इंडिया की ओर से जारी बयान में कहा गया कि फ्लाइट AI191 के चालक दल ने संदिग्ध तकनीकी खराबी महसूस होने पर तुरंत निर्णय लिया और विमान को सुरक्षित रूप से वापस लैंड कराया गया। वर्तमान में विमान की तकनीकी जांच जारी है। इस घटना के कारण AI191 (मुंबई-नेवार्क) और AI144 (नेवार्क-मुंबई) दोनों उड़ानों को रद्द कर दिया गया है। एयरलाइन ने यात्रियों के लिए होटल में ठहरने की व्यवस्था की है और उन्हें एअर इंडिया या अन्य एयरलाइनों की वैकल्पिक उड़ानों में री-बुक किया जा रहा है।

नेवार्क से उड़ान भरने वाले यात्रियों को भी फ्लाइट रद्द होने की जानकारी दे दी गई है। एयरलाइन ने कहा कि सभी यात्रियों को जल्द से जल्द नई यात्रा व्यवस्था दी जा रही है। यात्रियों की सटीक संख्या फिलहाल साझा नहीं की गई है।