पंजाब के इन जिलों में अगले दो दिन बारिश और आंधी का अलर्ट, जानें आने वाले मौसम का पूर्वानुमान

पंजाब में आज बारिश या तेज हवाओं के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान में औसतन 1.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा, जिससे मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहा।
मौसम विभाग के अनुसार होशियारपुर, नवांशहर, मोहाली, रोपड़, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, संगरूर, बरनाला, लुधियाना, जालंधर, अमृतसर, गुरदासपुर और आसपास के जिलों के लिए आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसका मतलब यह है कि लोगों को सतर्क रहना चाहिए और खराब मौसम के लिए तैयार रहना चाहिए।
राज्य में सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस कम था।
लुधियाना, पटियाला, अमृतसर, फिरोजपुर, पठानकोट, फरीदकोट और जालंधर समेत राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री कम रहा।
मौसम विभाग ने आज और शुक्रवार को पंजाब में कोई चेतावनी जारी नहीं की है। पूरे राज्य में मौसम शांत रहेगा। लेकिन 10-11 मई को एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है।