गुजरात में AAP पर संकट के बीच रोज एक घंटे के लिए राजनीति छोड़ेंगे इसुदान गढ़वी, टीवी पर करेंगे 'शंखनाद'

गुजरात में AAP पर संकट के बीच रोज एक घंटे के लिए राजनीति छोड़ेंगे इसुदान गढ़वी, टीवी पर करेंगे 'शंखनाद'

आम आदमी पार्टी (आप) गुजरात के प्रदेश अध्यक्ष इसुदान गढ़वी अब डबल रोड में दिखेंगे। एक साल पहले गुजरात के विधानसभा चुनावों में पार्टी के सीएम कैंडिडेट रहे इसुदान गढ़वी अब एक घंटे जनता के मुद्दों को लेकर टीवी पर शंखनाद करेंगे। टीवी पत्रकारिता से गुजरात में अपनी पहचान बनाने वाले इसुदान गढ़वी को महामंथन शो के जरिए भारी लोकप्रियता हासिल हुई थी। इसुदान गढ़वी ने नई पारी जीएसटीवी से शुरू कर दी है। 14 दिसंबर को उन्होंने पहला शो किया। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट भी किया और कहा वे जनता के मुद्दों को उठाने के लिए टीवी पर लौटे हैं।

इसुदान गढ़वी ने पुरानी रोल में लौटने के बाद आम आदमी पार्टी प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी नहीं छोड़ने का ऐलान किया है। गढ़वी सुबह से शाम तक प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर काम करेंगे और फिर शाम को टीवी पर एक घंटा शो करेंगे। उन्हाेंने इस शो का नाम शंखनाद रखा है। इसुदान गढ़वी पहले महामथंन के नाम से शो करते थे। तब वीटीवी गुजराती के एडीटर थे। वीटीवी पर अभी महामंथन शो प्रसारित होता है। ऐसे में वह नए शो को लेकर जनता के बीच लौट रहे हैं। इसुदान गढ़वी ने नवभारत टाइम्स ऑनलाइन से बातचीत में कहा कि मैं जनता के मुद्दों को उठाने के पुराने रोल में लौटा हूं। जो काम विपक्ष के नेता के तौर करता हूं। वहीं काम तथ्यों के साथ टीवी पर बतौर एंकर करूंगा।

इसुदान गढ़वी के अनुसार उनके इस शो में राजनीतिक लोग नहीं होंगे। गुजरात के मुद्दों पर केंद्रित यह शो इंफॉर्मेटिव होगा। उसमे किसी पोलिटल लीडर या प्रवक्ता नहीं होंगे। सिर्फ़ एक्सपर्ट होंगे। इसुदान गढ़वी के अनुसार इस कार्यक्रम में फाेन लाइन से सीधे लोगों को जुड़ने की सुविधा दी जाएगी। इसुदान गढ़वी ने पहले शो के लिए किसानों की कर्ज की माफी का विषय चुना था। इसुदान गढ़वी शाम को ही टीवी पर शो करेंगे। गढ़वी ऐसे वक्त पर टीवी पर लौटे हैं जब राज्य में पार्टी को एक साथ कई मोर्चे पर मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी के पांच विधायकों में से भूपत भायानी ने दो दिन पहले इस्तीफा दे दिया तो वहीं पार्टी के एक और विधायक चैतर वसावा पुलिस हिरासत में हैं। उन पर वनकर्मियों को धमकाने और फायरिंग करने का आरोप है। गढ़वी 2021 में आप से जुड़े थे। ऐसे में लगभग दो साल वह फिर से टीवी पर लौट रहे हैं।