अमृतसर को मिला नया मेयर, जतिंदर सिंह मोती भाटिया बने नए मेयर
आम आदमी पार्टी (आप) के जतिंदर सिंह मोती भाटिया अमृतसर के नए मेयर बन गए हैं। इनके अलावा प्रियंका शर्मा सीनियर डिप्टी मेयर और अनीता रानी डिप्टी मेयर बनी हैं। अमृतसर में, जहां 85 वार्ड हैं, मेयर के लिए 46 पार्षदों का बहुमत आवश्यक था। चुनाव में कांग्रेस पार्षदों की सर्वाधिक संख्या 40 थी।
आम आदमी पार्टी के 24 पार्षद जीते। इसके अलावा उन्होंने 7 निर्दलीय और 2 भाजपा पार्षदों के समर्थन का भी दावा किया। कांग्रेस ने एक निर्दलीय के समर्थन का हवाला देते हुए 41 पार्षदों के समर्थन का दावा किया था। सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद कांग्रेस मेयर बनने से चूक गई।
जतिंदर सिंह मोती भाटिया ने कहा- मैं आम आदमी पार्टी के नेतृत्व और मुझे समर्थन देने वाले विधायकों का धन्यवाद करता हूं। सबसे पहले अमृतसर के बुनियादी मुद्दों पर काम किया जाएगा। शहर में सफाई और सीवेज का मुद्दा जल्द ही हल हो जाएगा।
इस बीच, अमृतसर पश्चिम से विधायक जसबीर सिंह ने कहा, "हम पंजाब में आम आदमी पार्टी के नेतृत्व को बधाई देते हैं क्योंकि आप को अमृतसर में मेयर मिल गया है।" आप ने मोती भाटिया को मेयर पद से सम्मानित किया है। भाटिया ने बहुमत से चुनाव जीत लिया है। जिनको हम बधाई देते हैं।