हरियाणा Exit Poll में बीजेपी को नुकसान, कांग्रेस हो रहा फायदा, लेकिन फिर भी बीजेपी निश्चिंत...

हरियाणा Exit Poll में बीजेपी को नुकसान, कांग्रेस हो रहा फायदा, लेकिन फिर भी बीजेपी निश्चिंत...

लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे 4 जून को सबके सामने आएंगे लेकिन उससे पहले आए एग्जिट पोल ने जहां बीजेपी की बांछें खिला दी हैं तो वहीं कांग्रेस के लिए बहुत अच्छी ख़बर एग्जिट पोल के हिसाब से नहीं है। हां ये बात अलग है कि हरियाणा में एग्जिट पोल के अनुसार बीजेपी को नुकसान होता जरूर दिख रहा है। और वो इसलिए क्योंकि ज्यादातर एग्जिट पोल ने बीजेपी को हरियाणा में 6 से 8 सीटें दी हैं यानी अगर हम 8 भी मानकर चलें तो 2 सीटों का नुकसान बीजेपी को ही है। क्योंकि इससे पहले बीजेपी के पास सभी 10 सीटें हैं। हालांकि उतना बड़ा नुकसान भी नहीं है क्योंकि 10 में से 8 तो बीजेपी के पास होंगी अगर ये एग्जिट पोल सही साबित होते हैं तो। लेकिन कांग्रेस फायदे में है क्योंकि जहां पहले कांग्रेस के पास एक भी सीट नहीं थी अब एग्जिट पोल उसे 1 से तीन सीटें जीतते हुए दिखा रहे हैं। हालांकि जिस तरह से चुनावों के दौरान बीजेपी को विरोध झेलना पड़ा और वोटर्स ने भी खुलकर अपने मन की भड़ास बीजेपी पर निकाली उस तरह से नतीजे कांग्रेस के पक्ष में भी आते नहीं दिख रहे हैं। क्योंकि अगर दो ही सीटें कांग्रेस यहां से जीतती है तो बेशक एक मनोवैज्ञानिक जीत कांग्रेस को मिलेगी लेकिन जिस बात का अंदाजा कांग्रेस लगा रही थी कि बीजेपी के खिलाफ पूरी तरह से लहर प्रदेश में चल रही है वैसा नहीं दिख रहा। हालांकि इसे लोकसभा का चुनाव मानकर कांग्रेस इस बात की तसल्ली भी कर सकती है कि यहां मोदी फैक्टर काम किया होगा लेकिन लोगों की नाराजगी विधानसभा चुनावों में जरूर निकलेगी। 

बहरहाल लोकसभा चुनाव के नतीजे 4 जून को आएंगे और अगर ये एग्जिट पोल एग्जैक्ट पोल में बदलते हैं तो आप देश में तीसरी बार एनडीए सरकार के लिए तैयार रहिए।