बलवंत सिंह राजोआना जेल से बाहर आया, भाई के भोग में हुआ शामिल, बिक्रम मजीठिया मिले गले, पूर्व सीएम बेअंत सिंह का हत्यारा है राजोआना
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री सरदार बेअंत सिंह की हत्या का दोषी बलवंत सिंह राजोआना सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक पैरोल पर जेल से बाहर आया। राजोआना अपने भाई के भोग में शामिल होने के लिए बाहर आया है। पटियाला से राजोआना को कड़ी सुरक्षा में लुधियाना लाया गया। लुधियाना में उनके गांव राजोआना कलां में मंजी साहिब में राजोआना अपने भाई के भोग में शामिल हुआ।
इस भोग कार्यक्रम में श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी, अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया भी शामिल हुए।बिक्रम सिंह मजीठिया गर्मजोशी के साथ बलवंत सिंह राजोआना से मिले। वे राजोआना के गले लगे।
आपको बता दें कि राजोआना के भाई कुलवंत सिंह की 14 नवंबर को मौत हो गई थी। जिसके बाद बलवंत सिंह राजोआना ने पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट से भोग में शामिल ने के लिए परोल मांगी थी। भोग से एक दिन पहले हाईकोर्ट ने सुनवाई करते हुए आज सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक परोल को मंजूरी दे दी।
बलवंत सिंह राजोआना के लिए यह दूसरा मौका जब वो जेल से बाहर आया है. इससे पहले जनवरी 2022 में राजोआना तब जेल से बाहर आया था जब उसके पिता की मृत्यु हुई और उनके भोग और अंतिम अरदास में शामिल होने की अनुमति मिली थी।