महाराष्ट्र-झारंखड के साथ 4 राज्यों की 15 विधानसभा सीटों पर वोटिंग, उत्तर प्रदेश, पंजाब में हुईं झड़पें

महाराष्ट्र-झारंखड के साथ 4 राज्यों की 15 विधानसभा सीटों पर वोटिंग, उत्तर प्रदेश, पंजाब में हुईं झड़पें

आज देश में दो राज्यों महाराष्ट्र और झारंखड में विधानसभा चुनाव के साथ-साथ 4 राज्यों की 15 सीटों विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहा है। एक लोकसभा सीट नांदेड़ में भी उपचुनाव हो रहा है। चार राज्य उत्तर प्रदेश, पंजाब, केरल और उत्तराखंड में उपचुनाव हो रहा है। इनमें सबसे ज्यादा यूपी की 9 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहा है। वहीं इस दौरान कुछ झड़पों की भी ख़बर है।

पंजाब के गुरदासपुर जिले की डेरा बाबा नानक सीट के एक बूथ पर कांग्रेस और आप समर्थकों में वोटिंग को लेकर झड़प हो गई। हालांकि पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत करवाया ।

वहीं उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाया है कि मैनपुरी जिले की करहल विधानसभा सीट के एक बूथ से उनके एक समर्थक को पुलिस उठाकर ले गई है। वहीं बूथ एजेंट्स को धमकाया जा रहा है।

यूपी के मुजफ्फरपुर जिले के मीरापुर ककरौली में वोटिंग के दौरान भीड़ ने पुलिस पर ही पथराव कर दिया। यहां भी समाजवादी पार्टी ने प्रशासन पर बीजेपी उम्मीदवार के लिए काम करने का आरोप लगाया है ।

वहीं कानपुर की सीसामऊ सीट से सपा प्रत्याशी नसीम सोलंकी का बयान आया है उन्होंने कहा है कि मुस्लिम बहुल इलाकों में प्रशासन लोगों को डरा रहा है । चमनगंज इलाके में पुलिस और RAPID ACTION FORCE ने लोगों को दौड़ाया।

इस दौरान सोलंकी ने कहा कि हमारे बूथ एजेंट से मारपीट की गई है। उसपर बूट मारा गया। बीजेपी को हारने का डर है, अगर ऐसा ही था तो चुनाव क्यों करवा रहे हैं।

वहीं कानपुर में ही सपा विधायक अमिताभ वाजपेयी की हाउस अरेस्ट किया गया है. उनके घर के बाहर पुलिस तैनात की गई है।

आपको बता दें कि महाराष्ट्र की 288 और झारखंड की बाकी बची 38 सीटों पर आज मतदान हो रहा है। इसके साथ ही चार राज्यों की 15 विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट नांदेड़ पर उपचुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है ।