एग्जिट पोल के अनुमानों से शेयर बाजार में आई बहार, सेंसेक्स और निफ्टी ने बनाया रिकॉर्ड, अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंचा
4 जून को लोकसभा चुनाव के नतीजे घोषित होंगे। लेकिन उससे पहले आए एग्जिट पोल के अनुमानों में एनडीए सरकार एक बार फिर से सत्ता पर काबिज होती दिखाई दे रही है। इन एग्जिट पोल का असर शेयर बाजार पर भी पड़ा है। और शेयर बाजार में सेंसेक्स और निफ्टी अपने-अपने ऑल टाइम हाई लेवल पर पहुंच गए। इससे साफ है कि शेयर मार्किट एग्जिट पोल के अनुमानों पर खूब झूम रहा है। सेंसेक्स ने प्री ओपनिंग के दौरान 2600 अंक से ऊपर की छलांग लगाई। वहीं, निफ्टी भी 800 अंक से ज्यादा की बढ़त के साथ ओपन हुआ। एक समय अपने ऑल टाइम हाई 76,583.29 तक पहुंच गया।
आपको बता दें कि शेयर बाजार में सोमवार सुबह से ही तेजी देखने को मिली। माना गया कि एग्जिट पोल में एनडीए की बंपर जीत के अनुमान से शेयर बाजार अब तक के अपने सबसे उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। माना जा रहा है कि एग्जिट पोल जिस तरह दिखा रहे हैं कि एनडीए भारी बहुमत से जीत रही है तो इस बात से निवेशकों में उत्साह है। ऐसे में सेंसेक्स 1859.88 अंकों की बढ़त के साथ 75,821.19 के रिकॉर्ड स्तर पर खुला। इसी तरह निफ्टी भी 603.85 अंकों के उछाल के साथ 23,134.55 पर खुला। आपको बता दें कि इस दौरान निफ्टी बैंक पहली बार 50 हजार के पार पहुंच गया।

शुरुआती कारोबारी सत्र के दौरान बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 11.1 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 423.21 लाख करोड़ रुपये हो गया है। सेंसेक्ट के सभी 30 शेयर सोमवार को हरे निशान पर कारोबार करते दिखे। इसमें पावर ग्रिड, एनटीपीसी, लार्सन एंड टुब्रो, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, एक्सिस बैंक, इंडसइंड बैंक और आईसीआईसीआई बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर टॉप गेनर्स रहे।
निफ्टी पीएसयू ऑयल एंड गैस, वित्तीय सेवाएं, मेटल और ऑटो सेक्टर तीन से पांच प्रतिशत की बढ़त के साथ खुला। सोमवार को शुरुआती कारोबार में रुपया 38 पैसे की बढ़त के साथ 83.04 रुपये पर पहुंच गया।
वहीं एशियाई बाजारों की बात करें तो सियोल, टोक्यो और हॉन्ग-कॉन्ग में बढ़त, शंघाई में गिरावट के साथ कारोबार होता देखा गया। अमेरिकी बाजार में ज्यादातर शुक्रवार को हरे निशान पर क्लोजिंग हुई।
अडानी ग्रुप की बात करें तो अदानी ग्रुप के शेयरों में सोमवार को शुरुआती कारोबार में 16 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई। सोमवार को अदानी समूह की 10 लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 1.4 लाख करोड़ रुपये बढ़कर 19.24 लाख करोड़ रुपये हो गया। इस दौरान बीएसई पर पिछले छह महीनों में करीब दोगुना हो चुके अदानी पावर के शेयर 16 प्रतिशत से चढ़कर 52 हफ्तों के उच्चतम स्तरों पर 875 रुपये पर पहुंच गए। निफ्टी में अदानी पोर्ट्स के शेयर 9 फीसदी की बढ़त के साथ टॉप गेनर रहे।