पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लॉरेंस गैंग और लक्की पटियाल गैंग के चार गुर्गे गिरफ्तार, अवैध हथियार भी बरामद

पंजाब पुलिस ने गैंगस्टरों के खिलाफ अपनी कार्रवाई करते हुए लॉरेंस और लक्की पटियाल गैंग के चार गुर्गों को गिरफ्तार किया है। मोगा पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। मोगा पुलिस ने आरोपियों से 6 अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। इस बारे में डीजीपी गौरव यादव ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी। उन्होंने ये भी दावा किया कि आरोपी मोगा में एक व्यवसायी से जबरन वसूली की योजना बना रहे थे।
डीजीपी गौरव यादव ने ये भी बताया कि गिरफ्त में लिए गए आरोपी दो अलग-अलग गैंग से जुड़े हुए हैं।थ उन्होंने बताया कि मामले में दो अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में से एक आरोपी सीधे लक्की पटियाल के संपर्क में था। जबकि दूसरे आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के मनप्रीत उर्फ मनी से जुड़े हुए थे। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि ये दोनों गैंग एक दूसरे के विरोधी हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस अब इनसे सारी जानकारी जुटाने में जुट गई है। पुलिस ये भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी हथियार कहां से लेकर आए थे।
आपको बता दें कि इससे पहले रविवार के दिन जालंध सीआईए स्टाफ ने तरनतारन, होशियारपुर और जालंधर से तीन हथियार तस्करों को 6 अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से 32 बोर की 5 अवैध पिस्तौल और 12 जिंदा कारतूस, 30 बोर की एक पिस्तौल और 3 जिंदा कारतूस बरामद किए थे। रविवार को पकड़े गए आरोपी आरोपी बंबीहा गैंग से जुड़े हुए थे।