मुक्तसर में रिश्वतखोर सीनियर सिपाही गिरफ्तार, विजिलेंस ब्यूरो ने की कार्रवाई, एक अन्य आरोपी फरार, तलाश जारी
मुक्सर में विजिलेंस ब्यूरो ने रिश्वतखोर सीनियर सिपाही को गिरफ्तार किया है। विजिलेंस ने ये कार्रवाई सीआईए स्टाफ मलोट के सीनियर सिपाही गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी के खिलाफ की है। वहीं इसी मामले में सीआईए स्टाफ के एएसआई बलजिंदर सिंह के खिलाफ भी केस दर्ज किया है।
विजिलेंस की ओर मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी पुलिसकर्मचारियों के खिलाफ यह मामला शिकायतकर्ता बलवीर सिंह उर्फ बीरा गांव शेरावाला निवासी की ओर से मुख्यमंत्री की भ्रष्टाचार विरोधी एक्श लाइन पर शिकायत के बाद दर्ज किया गया है। इस शिकायत में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसके खिलाफ नशीली गोलियां और हेरोइन की बड़ी बरामदगी का डर दिखाकर झूठा मामला दर्ज ना करने के लिए एवज में ढाई लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई और बाद में 60 हजार रुपये रिश्वत मांगी गई।
मामले की जांच के दौरान शिकायतकर्ता ने जो रिकॉर्डिंग पेश की उसमें सीनियर सिपाही गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी की ओर से पहले ढाई लाख रुपये मांगने और बाद में 60 हजार रुपये की मांग सुनाई दी। वहीं एएसआई बलजिंदर सिंह की ओर से स्पष्ट तौर पर रिश्वत लेने की सहमति जाहिर करने से उन दोनों आरोपियों की मिलीभगत से रिश्वत की मांग करना साबित हो गया।
बहरहाल जांच रिपोर्ट के आधार पर थाना विजिलेंस ब्यूरो बठिंडा रेंज में दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार-रोधी कानून के तहत केस दर्ज किया गया है। वहीं सीनियर सिपाही गुरप्रीत सिंह सीआईए स्टाफ मलोट को गिरफ्तार कर लिया गया है। और आगे की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं दूसरे आरोपी बलजिंदर सिंह की गिरफ्तारी के लिए भी विजिलेंस प्रयास कर रही है। उम्मीद है कि विजिलेंस जल्द ही दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लेगी।