पंजाब में चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव: कांग्रेस और आप समर्थक आपस में भिड़े, कांग्रेस का आरोप, सरपंच ने की मारपीट और गुंडे भी बुलाए

पंजाब में चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव: कांग्रेस और आप समर्थक आपस में भिड़े, कांग्रेस का आरोप, सरपंच ने की मारपीट और गुंडे भी बुलाए

पंजाब में आज की चार विधानसभा सीटों बरनाला, डेरा बाबा नानक, चब्बेवाल और गिद्दड़बाहा में उपचुनाव है। सुबह सात बजे से वोटिंग जारी है, जो शाम 6 बजे तक चलेगी। चारों विधानसभा सीटों पर सुबह 11 बजे तक 20.76 फीसदी वोटिंग हो चुकी है। गिद्दड़बाहा में सुबह 11 बजे तक सबसे ज्यादा 35 फीसदी वोटिंग हुई वहीं चब्बेवाल में अब तक सबसे कम 12.71 फीसदी वोटिंग हुई। वहीं डेरा बाबा नानक में 19.4 फीसद लोग सुबह 11 बजे तक वोट कर चुके हैं, बरनाला में 16.1 फीसदी लोगों ने अब तक वोट किया है।

वहीं डेरा बाबा नानक में कांग्रेस और आप समर्थक आपस में भिड़ गए। जिन्हें शांत करवाने के लिए पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा। वहीं कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने आरोप लगाते हुए कहा कि पोलिंग बूथ के पास एक घर में गैंगस्टर छिपे हुए थे। इसका कांग्रेस समर्थकों ने विरोध किया तो उनके साथ आप समर्थकों ने मारपीट की। वहीं इस घटना के बीच घर से कुछ लोग भागते हुए भी देखे गए। रंधावा ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार गुंडागर्दी और मनमर्जी कर रही है।

दूसरी तरफ पंजाब की चारों सीटों पर पारदर्शी तरीके से उपचुनाव हो इसके लिए निर्वाचन आयोग ने अपनी पूरी ताकत लगाई हुई है। सभी पोलिंग बूथों पर लाइव वेब कास्टिंग करवाई जा रही है। पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सिविन सी अपने कार्यालय में बनाए गए कंट्रोल रूम में लाइव स्ट्रीमिंग की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से वोट करने लिए घर से निकलने की अपील की है।