पटियाला में सीएम अरविंद केजरीवाल-भगवंत मान की रैली आज

पटियाला में सीएम अरविंद केजरीवाल-भगवंत मान की रैली आज

आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल सोमवार को पटियाला में एक रैली को संबोधित करेंगे। इस दौरान उनके साथ पंजाब के सीएम भगवंत मान भी रहेंगे। 

पंजाब भर के कंप्यूटर अध्यापकों ने सरकार की वादा खिलाफी से परेशान होकर आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। कंप्यूटर अध्यापकों ने सोमवार को पटियाला में होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में काली झंडियां दिखाकर विरोध जताने का एलान किया है। कंप्यूटर अध्यापक यूनियन पंजाब के प्रांतीय उपाध्यक्ष परमवीर सिंह पम्मी ने बताया कि इस समागम में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल शामिल हो रहे हैं। इनका काली झंडियां और ‘केजरीवाल वापस जाओ’ की तख़्तियों से स्वागत किया जाएगा।

शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने उनकी सभी मांगों को जायज ठहराते हुए 15 सितंबर 2022 को दिवाली पर उनके अधिकार बहाल करने का वादा किया था, जो एक वर्ष बीत जाने के उपरांत भी पूरा नहीं हुआ। सरकार ने कंप्यूटर अध्यापकों को साल 2011 में रेगुलर किया गया था। एक ही मांग है कि कंप्यूटर अध्यापकों को शिक्षा विभाग में शिफ्ट करते हुए उन्हें छठे पे कमीशन समेत सीएसआर के बनते लाभ देने के साथ पुरानी पेंशन जारी की जाए।