विश्व को गीतों के सहारे छोड़ सुर साम्राज्ञी का महाप्रयाण, भाई ने नम आंखों से दी मुखाग्नि

विश्व को गीतों के सहारे छोड़ सुर साम्राज्ञी का महाप्रयाण, भाई ने नम आंखों से दी मुखाग्नि
विश्व को गीतों के सहारे छोड़ सुर साम्राज्ञी ने किया महाप्रयाण, भाई ने नम आंखों से दी मुखाग्नि

महान गायिका लता मंगेशकर ने दुनिया से विदा हो चुकी हैं। शारीर से भले वह अब हमारे बीच न रही हों लेकिन उनकी आवाज कायनात रहने तक रहेगी। 92 वर्षीय लता जी का रविवार सुबह मुंबई के ब्रीचकैंडी अस्पताल में निधन हो गया था। मुंबई के शिवाजी पार्क में लता जी को उनके भाई ने नम आंखों से मुखाग्नि दी। इस दौरान राजनीति, खेल, मनोरंजन जगत सहित कई क्षेत्र के लोग लता जी की इस अंतिम यात्रा में शामिल हुए। देश रत्न, भारत रत्न लता दीदी को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम सफर पर रवाना किया गया। अंतिम संस्कार की विधि शुरू होते ही तीनों सेनाओं ने सलामी दी। अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पीएम मोदी भी शिवाजी पार्क पहुंचे और लता जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। अभिनेता आमिर ख़ान, रणबीर कपूर, संगीतकार शंकर महादेवन, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल समेत सभी क्षेत्रों की दिग्गज हस्तियों ने भी शिवाजी पार्क पहुंचकर भारत रत्न लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि अर्पित की। इससे पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और राज्य मंत्री आदित्य ठाकरे ने मुंबई के शिवाजी पार्क में दिग्गज गायिका लता मंगेशकर को अंतिम सम्मान दिया। उनके निधन पर दो दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है।
अंतिम समय में सुने पिता के गीत
लता जी मंगेशकर ने रविवार सुबह 8 बजकर 12 मिनट पर अपनी आखिरी सांस ली। लता मंगेशकर अपने पिता दीनानाथ मंगेशकर से बेहद प्यार करती थीं और इसी वजह से अपने आखिरी समय में भी स्वर कोकिला ने अपने पिता को याद किया।इस बात की जानकारी वॉइस ओवर आर्टिस्ट हरीश भिमानी ने अपने एक इंटरव्यू में दी है। हरीश भिमानी ने बताया की अपने आखिरी समय में लता मंगेशकर वेंटिलेटर पर भी अपने पिता के गाने सुन रही थीं। इसके लिए उन्होंने पिता की रिकॉर्डिंग और एक ईयरफोन अस्पताल में मंगवाया था। बताया कि वह खुद भी गाना गाने के लिए मास्क हटा रही थीं और डॉक्टर उन्हें बार-बार आराम करने की सलाह दे रहे थे लेकिन ऐसा लग रहा था कि वह अपने पिता से बात कर रही हैं। इसके बाद ही वह अचानक चुप हो गईं और फिर उन्होंने कुछ नहीं कहा।