CBI की कार्रवाई तेज, पंजाब के DIG भुल्लर की संपत्ति पर बढ़ा शिकंजा
रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार किए गए पंजाब पुलिस के DIG हरचरण सिंह भुल्लर की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब CBI उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति (DA case) दर्ज करने की तैयारी में है। गुरुवार को एजेंसी ने चंडीगढ़ के सेक्टर-40 स्थित उनके आलीशान घर पर पहुंचकर जांच की, जिससे यह संकेत मिल रहा है कि अगला कदम संपत्ति की जांच से जुड़ा होगा।
CBI अधिकारियों ने उनके घर में मौजूद हर वस्तु की वीडियोग्राफी करवाई — चाहे वह AC, फर्नीचर, गमले या बल्ब ही क्यों न हों। सभी वस्तुओं की सूची तैयार कर उनकी अनुमानित कीमत निकाली जा रही है। यह तलाशी अभियान करीब 9 घंटे तक चला। जांच के दौरान CBI टीम ने परिवार के सदस्यों से पूछताछ भी की और उनके बयानों को लैपटॉप में टाइप कर वीडियोग्राफी की। पूछताछ का यह सिलसिला करीब दो घंटे तक चला। परिजनों से बयानों पर सिग्नेचर भी करवाए गए।
सूत्रों के अनुसार, यह दो मंजिला कोठी है जिसमें 7 बेडरूम हैं। DIG हरचरण सिंह भुल्लर की मासिक बेसिक सैलरी लगभग ₹2.16 लाख है, लेकिन उनकी संपत्ति का कुल मूल्य ₹15 करोड़ से अधिक बताया जा रहा है। उनकी जायदाद जालंधर, मोहाली, लुधियाना और कपूरथला जैसे ए-ग्रेड शहरों में फैली हुई है। CBI अब यह जांच कर रही है कि इतनी भारी संपत्ति के पीछे धन का स्रोत क्या है। बताया जा रहा है कि DIG भुल्लर की सेवानिवृत्ति में अभी दो साल बाकी हैं।