थप्पड़ विवाद में घिरे SDM छोटू लाल शर्मा की कहानी, अब उनकी निजी जिंदगी बनी चर्चा का विषय
राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के SDM छोटू लाल शर्मा इन दिनों सुर्खियों में हैं। वजह है एक CNG पंप पर हुआ विवाद, जहां उन्होंने पहले पंपकर्मी को थप्पड़ मारा और फिर खुद भी उसी कर्मचारी से थप्पड़ खा बैठे। घटना का वीडियो सामने आते ही मामला इतना बढ़ा कि सरकार को उन्हें निलंबित करना पड़ा। लेकिन अब इस थप्पड़ प्रकरण से भी ज्यादा दिलचस्प चर्चा उनकी निजी ज़िंदगी को लेकर हो रही है — जिसमें लव मैरिज, तलाक, दूसरी शादी और पांच बच्चों की ज़िम्मेदारी जैसी बातें शामिल हैं।
छोटू लाल शर्मा की पहली शादी पूनम जाखोड़िया से हुई थी। दोनों की मुलाकात कॉलेज के दिनों में हुई थी, जब वे एक ही संस्थान में लेक्चरर के रूप में कार्यरत थे। समय के साथ नज़दीकियां बढ़ीं और रिश्ता शादी तक पहुंच गया।
पूनम के अनुसार, “हमने संघर्ष के दिन साथ बिताए। मैं आर्थिक रूप से उसकी मदद करती थी ताकि वह अपनी पढ़ाई पूरी कर सके।” इस शादी से उन्हें दो बच्चे हुए, जो फिलहाल भीलवाड़ा के एक नामी प्राइवेट स्कूल में पढ़ रहे हैं।
पूनम बताती हैं कि साल 2018 में जब छोटू लाल का चयन RAS (राजस्थान प्रशासनिक सेवा) में हुआ, तभी उनका व्यवहार बदलने लगा। गुस्सा, झगड़ा और मारपीट आम बात बन गई। वह कहते थे, “अब मैं SDM हूं, तुम बूढ़ी लगती हो, मैं किसी और से शादी करूंगा।”
कोरोना काल के दौरान उन्होंने बहाना बनाया कि बच्चों की अच्छी पढ़ाई के लिए उन्हें पिलानी भेजना होगा। कुछ समय तक पैसे भेजते रहे, लेकिन धीरे-धीरे पूरी तरह दूर हो गए। पूनम के मुताबिक, साल 2023 में उन्हें अचानक तलाक के कागज़ मिले, जिन पर उनके नकली सिग्नेचर थे। उन्होंने इस मामले में जोधपुर हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। पूनम आज भी कहती हैं, “मैं उसकी पहली पत्नी हूं और अब भी उसके नाम का सिंदूर लगाती हूं।”
पहली पत्नी से अलगाव के बाद छोटू लाल शर्मा ने 2024 में दीपिका व्यास से दूसरी शादी की। दीपिका के साथ अब उनका दो महीने का बेटा है। छोटू लाल का कहना है कि पहली पत्नी से हुए दोनों बच्चे उनके ही पास रहते हैं और स्कूल में पढ़ रहे हैं। लेकिन दिलचस्प बात यह है कि दीपिका न केवल उनके नवजात बेटे की बल्कि उनके दिवंगत बड़े भाई की दो संतानों की देखभाल भी कर रही हैं। यानी घर में कुल पाँच बच्चे हैं जिनकी ज़िम्मेदारी दीपिका संभाल रही हैं।
वर्तमान में दीपिका भीलवाड़ा की अंसल कॉलोनी के मकान नंबर B-368 में रहती हैं। छोटू लाल निलंबन से पहले प्रतापगढ़ SDM के पद पर तैनात थे और सप्ताहांत पर परिवार से मिलने आते थे। अब निलंबन के बाद उनका मुख्यालय जयपुर कर दिया गया है।
थप्पड़ कांड पर सफाई देते हुए छोटू लाल ने कहा, “मेरे बड़े भाई का निधन हो गया था, और यह पहला त्योहार था। हम यात्रा पर थे, तभी रास्ते में फ्यूल खत्म हो गया। पंपकर्मी ने मेरी पत्नी से बदतमीज़ी की और दूसरी गाड़ी में गैस भरने लगा। मैंने विरोध किया, लेकिन वीडियो को एडिट करके वायरल किया गया ताकि मेरे खिलाफ माहौल बनाया जा सके।”
वहीं, पूनम का कहना है कि छोटू लाल का स्वभाव शुरू से ही गुस्सैल था। “एक बार मेले में भी उसने झूले वाले को थप्पड़ मार दिया था सिर्फ इसलिए कि उसने कहा था झूला थोड़ी देर में चलेगा।” पूनम के मुताबिक, SDM बनने के बाद उन्हें अपनी ताकत का इतना घमंड हो गया कि सही-गलत की पहचान खो बैठे। “वह सोचता है कि उसका पद उसे हर गलती से बचा सकता है, लेकिन सच्चाई आखिर सामने आ ही जाती है।”