दिल्ली बन रहा है झीलों का शहर, पर्यावरण दिवस के अवसर पर बोले सीएम केजरीवाल

दिल्ली बन रहा है झीलों का शहर, पर्यावरण दिवस के अवसर पर बोले सीएम केजरीवाल

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर त्यागराज स्टेडियम में पर्यावरण सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने भी शिरकत की। आपको बता दें कि शिक्षा और स्वास्थ्य मॉडल को विश्वस्तरीय बनाने के बाद अब केजरीवाल सरकार के दिल्ली के पर्यावरण को खूबसूरत और राजधानी को झीलों का शहर बनाने के लिए संकल्पबद्ध है। दिल्ली की केजरीवाल सरकार दिल्ली की झीलों का अंतराष्ट्रीय स्तर पर संरक्षण और विकास करने के लिए काम कर रही है।

सीएम केजरीवाल ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट भी किया है। उन्होंने दिल्ली के शानदार पर्यावरण की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा है ‘तिमारपुर में इस खूबसूरत झील और खूबसूरत परिवेश को देखें। पूरी दिल्ली में ऐसी कई झीलें विकसित की जा रही हैं। दिल्ली झीलों का शहर बनता जा रहा है।’

त्यागराज स्टेडियम में आयोजित पर्यावरण सम्मेलन में सीएम केजरीवाल ने अपने संबोधन के दौरान दिल्ली के पर्यावरण को लेकर कई महत्वपूर्ण बाते कहीं। उन्होंने कहा कि दिल्ली अकेली ऐसी जगह है जहां पेड़ लगातार बढ़ रहे हैं। इस साल दिल्ली सरकार ने 52 लाख पेड़ लगाने का उद्देश्य रखा है। इसमें दिल्ली की जनता और दिल्ली सरकार मिलकर पेड़ लगाएंगे। सीएम ने आगे कहा कि दिल्ली में पेड़ काटने पर 10 पौधे लगाने और जो पेड़ काटने पड़े, उन्हें उस जगह से हटाकर कहीं दूसरी जगह शिफ्ट किया जाए, ना कि काट कर गिरा दिया जाए, इस उद्देश्य के साथ प्रदूषण को कम करने के लिए काम किया जा रहा है।