हरियाणा के मुख्यमंत्री बीजेपी के प्राथमिक सदस्य बने, पार्टी के तीन दिवसीय सदस्यता अभियान की शुरुआत, हर बूथ पर 250 सदस्य बनाने का लक्ष्य

हरियाणा के मुख्यमंत्री बीजेपी के प्राथमिक सदस्य बने, पार्टी के तीन दिवसीय सदस्यता अभियान की शुरुआत, हर बूथ पर 250 सदस्य बनाने का लक्ष्य

हरियाणा में बीजेपी तीन दिन के लिए सघन सदस्यता अभियान चला रहा है। आज मुख्यमंत्री नायब सैनी ने खुद प्राथमिक सदस्यता लेकर इस अभियान की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने CM आवास पर बीजेपी के संगठन मंत्री सहित अन्य पदाधिकारियों के बीच प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि इस अभियान के तहत अपनी सदस्यता का नवीनीकरण कर अत्यंत गौरवान्वित हूं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर-कमलों से शुरू हुआ ये अभियान प्रदेश के ‘हर गांव-हर गली-हर घर-हर व्यक्ति’ तक पहुंचेगा और सभी को ‘विकसित भारत-विकसित हरियाणा’ के हमारे संकल्प से जोड़ेगा।

सीएम नायब सैनी ने कहा कि मैं प्रदेश के मेरे परिवारजनों से अपील करता हूं कि ज्यादा से ज्यादा बीजेपी की सदस्यता ग्रहण करें और अंत्योदय के संकल्प और नॉन स्टॉप हरियाणा को विकसित बनाने के हमारे ध्येय को साकार करने में अपनी भूमिका निभाएं।

आपको बता दें कि बीजेपी तीन दिन यानी 8, 9 और 10 नवंबर तक प्रदेश में सदस्यता अभियान चला रही है। इन तीन दिनों में पार्टी का लक्ष्य प्रदेश में 50 लाख सदस्य बनाने का है। पार्टी प्रदेश के 20 हजार 629 बूथों पर कार्यक्रम करेगी। हर बूथ पर 250 सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके लिए प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर करीब-करीब 350 से अधिक कार्यशालाएं आयोजित की जा चुकी हैं। इतना ही नहीं अभी तक 4 लाख से अधिक सदस्य पूरे हरियाणा में बनाए भी जा चुके हैं। इस संबंध में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली का कहना है कि प्रदेश में बीजेपी का सदस्य बनने के लिए लोगों में उत्साह है। और कार्यकर्ता भी पूरी लग्न के साथ अपने-अपने बूथों पर सदस्य बनाने में जुट हुए हैं।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली का कहना है कि सदस्यता अभियान को लेकर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां पहले ही तय की जा चुकी हैं। और रोजाना कार्यकर्ताओं से इस बारे में फीडबैक लियाजा रहा है । बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली और अभियान के संयोजक वेदपाल एडवोकेट ने बीजेपी के सभी सांसदों, विधायकों और मंत्रियों को अपने-अपने क्षेत्र में रहने के लिए कहा है और उन्हें सदस्य बनाने के लिए टारगेट दिए हैं। सांसद को 30 हजार सदस्य और विधायक को 20 हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है।