पंजाब के इन जिलों में आज भारी बारिश और आंधी का अलर्ट, जानें अपने शहर के मौसम का हाल

पंजाब के इन जिलों में आज भारी बारिश और आंधी का अलर्ट, जानें अपने शहर के मौसम का हाल

इस वर्ष मानसून ने पंजाब में अपनी ताकत दिखानी शुरू कर दी है। जून माह में हुई वर्षा ने पिछले कई वर्षों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।

मौसम विभाग के अनुसार, 29 जून तक राज्य में सामान्य से 26 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है। आज यानी सोमवार को भी राज्य के कई जिलों में भारी से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों से पता चला है कि आमतौर पर जून के महीने में 29 तारीख तक 49.7 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस बार 62.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग की ओर से जारी विस्तृत आंकड़ों के अनुसार रविवार शाम साढ़े पांच बजे तक विभिन्न जिलों में बारिश की स्थिति यह रही- अमृतसर में सबसे अधिक पांच मिमी, लुधियाना में तीन मिमी, बठिंडा में दो मिमी, होशियारपुर में 1.5 मिमी, पठानकोट व फतेहगढ़ साहिब में एक-एक मिमी तथा रूपनगर में 0.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।

इस बारिश के कारण राज्य में तापमान में 2.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। आईएमडी के अनुसार, राज्य में तापमान फिलहाल सामान्य से 4.6 डिग्री कम है। हालांकि, बठिंडा में पारा अभी भी 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है।

पंजाब के 14 जिलों में आज बारिश होने की संभावना है।

पंजाब में आज बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जो कुछ जिलों तक सीमित है। लेकिन अधिकांश जिलों में येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

ऑरेंज अलर्ट- रूपनगर, पटियाला और संगरूर में ऑरेंज अलर्ट है। यहां 12 मिमी तक बारिश होने की संभावना है।

येलो अलर्ट- पठानकोट, गुरदासपुर, कपूरथला, होशियारपुर, जालंधर, नवांशहर, लुधियाना, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, बरनाला और मानसा में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।