रोहतक में जेपी नड्डा का भूपेंद्र हुड्डा पर तीखा कटाक्ष, बोले- उन्हें अपना बेटा चाहिए पर देश को चाहिए मोदी

रोहतक में जेपी नड्डा का भूपेंद्र हुड्डा पर तीखा कटाक्ष, बोले- उन्हें अपना बेटा चाहिए पर देश को चाहिए मोदी

रोहतक लोकसभा सीट हरियाणा की हॉट सीट बनी हुई है। क्योंकि वहां से भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बेटे दीपेंद्र हुड्डा चुनावी मैदान में हैं। बीजेपी की ओर से अरविंद शर्मा चुनाव लड़ रहे हैं जो रोहतक के मौजूदा सांसद भी हैं। बीजेपी इस सीट को किसी भी हाल में नहीं गंवाना चाहती और इसीलिए अपना पूरा दमखम यहां लगा रही है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने यहां अरविंद शर्मा के पक्ष में रोड शो किया और जनता से वोट की अपील की।

इस दौरान जेपी नड्डा ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी सियासी वार किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को अपना बेटा चाहिए लेकिन रोहतक की जनता को तीसरी बार मोदी सरकार चाहिए।

जेपी नड्डा ने पावर हाउस चौक से अंबेडकर चौक पर रोड शो निकाला। इस दौरान बीजेपी के रोहतक से प्रत्याशी अरविंद शर्मा भी मौजूद रहे । जेपी नड्डा का स्वागत कार्यकर्ताओं ने फूल बरसा के किया। वहीं भीषण गर्मी में भी रोड शो निकाला गया । इस दौरान कार्यकर्ता उत्साहित भी दिखे वहीं महिला कार्यकर्ताओं के उत्साह का अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि महिला कार्यकर्ता भगवा साड़ी पहन कर रोड शो में पहुंचीं थीं।