सोनीपत में पति ने पत्नी को घोंपा चाकू, घायलावस्था में दुकान के बाहर गिरी, अस्पताल में मौत

सोनीपत में पति ने पत्नी को घोंपा चाकू, घायलावस्था में दुकान के बाहर गिरी, अस्पताल में मौत

हरियाणा के सोनीपत में एक पति ने अपनी पत्नी की चाकू घोंपकर निर्ममता से हत्या कर दी। चाकू लगने के बाद पत्नी घायल अवस्था में बाहर निकली और एक दुकान के बाहर गिर गई। जहां उसने बेहोश होने से पहले बताया कि उसके पति ने उसको चाकू मारा है। आसपास के लोगों ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी मौत हो गई।

वहीं थाना कुंडली में पुलिस ने दुकानदार की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस ने अपनी छानबीन भी शुरू कर दी है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया है।

पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार कुंडली की शिवपुरी कालोनी में रहने वाले सोनू यादव ने बताया कि उसकी कुंडली में गंदा नाला के पास किरयाने के सामान की दुकान है। सोमवार रात को वो साढे 10 बजे के करीब दुकान पर बैठा था और सामान बेच रहा था। उसी समय एक महिला नीलकंठ कांटे की तरफ से आई और उसकी दुकान के पास गिर गई। उसने महिला को संभाला और पूछा कि क्या हुआ है। महिला ने दुकानदार को बताया कि उसके पति ने उसको चाकू मार दिए हैं। इसके बाद वो बेहोश हो गई। महिला के शरीर से खून बह रहा था। इस दौरान मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इसके बाद वारदात की सूचना पुलिस को भी दी गई। पुलिस की डायल 112 की गाड़ी में महिला को अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में उसे पता चला कि चाकू लगने से घायल महिला की मौत हो गई है।

वहीं मामले में कुंडली थाना के एएसआई नरेश कुमार का कहना है कि वो अपनी टीम के साथ रात को कुंडली बॉर्डर पर गश्त पर थे। इस बीच थाने में सूचना मिली की अज्ञात महिला का सोनीपत के अस्पताल में है। वह मौके पर पहुंचे लेकिन महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई। इसके बाद वो गंदा नाला पर वहां पहुंचे जहां से महिला को अस्पताल लाया गया था वहां दुकानदार सोनू यादव ने घटना के बारे में पूरी जानकारी दी। जिसके बाद मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया । फिलहाल पुलिस ने BNS की धारा 103 के तहत केस दर्ज कर लिया है। और आगे की जांच शुरू कर दी है।