जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग चार दिन बाद खुला जम्मू-श्रीनगर National Highway

जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग चार दिन बाद खुला जम्मू-श्रीनगर National Highway

भारी बारिश के कारण उधमपुर जिले में कई जगहों पर भूस्खलन और 60 मीटर लंबा हिस्सा ढहने से बंद हुआ जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग शनिवार को पांचवें दिन वाहनों के लिए खोल दिया गया। फिलहाल, पिछले चार दिनों से राजमार्ग पर फंसे बड़े वाहनों को निकालने का काम किया जा रहा है।

कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाली 250 किलोमीटर लंबी इस बारहमासी सड़क पर सामान्य यातायात अभी तक बहाल नहीं हो पाया है।

इस बीच, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के रामबन परियोजना निदेशक शुभम ने कहा कि राजमार्ग को जल्द से जल्द सामान्य यातायात के लिए खोलने के प्रयास जारी हैं।

उन्होंने कहा कि हमने शुक्रवार शाम 6 बजे तक मरम्मत का काम लगभग पूरा कर लिया था और हमें उम्मीद थी कि शनिवार सुबह तक राजमार्ग पर यातायात शुरू हो जाएगा। लेकिन रात भर हुई बारिश ने हमारे प्रयासों में बाधा डाली, जिसके कारण वाहनों की आवाजाही देर से शुरू हुई।