पंजाब में आज दस्तक देगा मानसून, मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए जारी किया अलर्ट

पंजाब में आज दस्तक देगा मानसून, मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए जारी किया अलर्ट

पंजाब के 16 जिलों में आज बारिश के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटों में दक्षिण-पश्चिम मानसून बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख के कई हिस्सों तक पहुंच गया है।

यदि मानसून इसी गति से जारी रहा तो आज इसके पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में प्रवेश करने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 दिन तक पंजाब में मानसून के प्रवेश के लिए अनुकूल स्थिति है।

पंजाब के कई जिलों में रात को रुक-रुक कर बारिश हुई। जिसके बाद सुबह खुशनुमा रही। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में औसतन 1.7 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है।

तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री कम दर्ज किया गया। राज्य में सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर में तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 34.8 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 35 डिग्री सेल्सियस और पटियाला में 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंजाब में आज बारिश का येलो अलर्ट

पंजाब के 16 जिलों में आज बारिश के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है। जिसमें पठानकोट, अमृतसर, गुरदासपुर, तरनतारन, कपूरथला, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, नवांशहर, लुधियाना, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, संगरूर, मनसा और बरनाला में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

26 जून तक भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने अगले सप्ताह के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कई इलाकों में 26 जून तक भारी बारिश होने की संभावना है। 22 जून को चंडीगढ़ और उत्तरी हरियाणा में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटे) चलने की संभावना है।