पंजाब के ग्राम चौकीदारों का आठ साल बाद बढ़ा मानदेय, पंजाब सरकार की इस योजना से लोग संतुष्ट
राज्य के हर वर्ग के कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को कायम रखते हुए, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने ग्राम चौकीदारों के मानदेय में वृद्धि की है। कैबिनेट द्वारा पारित इस फैसले से राज्य के 9974 चौकीदारों को सालाना 3 करोड़ रुपये का अतिरिक्त लाभ मिलेगा।
पंजाब के राजस्व एवं पुनर्वास मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने कहा कि सरकार द्वारा राज्य के हर वर्ग से किए गए वादे पूरे किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व वाली कैबिनेट द्वारा लिए गए एक महत्वपूर्ण फैसले में, ग्राम चौकीदारों का मासिक मानदेय वर्तमान 1250 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये कर दिया गया है। 1250 रुपये प्रति माह का मानदेय 2017 से चला आ रहा है। अब आठ साल बाद यह राशि बढ़ गई है।
चौकीदार संगठनों की यह लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जिसे अब कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। सरकार के इस निर्णय से राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में चौकीदारों के कर्तव्यों के सुचारू निर्वहन में मदद मिलेगी।
सुरक्षा के अलावा, चौकीदार गाँव के विकास में भी सक्रिय भूमिका निभाते हैं। इसके अलावा, वे ग्राम पंचायत और नंबरदारों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी का काम भी करते हैं। मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद, इस निर्णय को लागू करने के लिए जल्द ही अधिसूचना जारी की जाएगी।