प्रदेश में फिर बदला मौसम का मिजाज, तीन दिन तक भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी
मानसून की विदाई के बाद पंजाब में मौसम फिर बदलने वाला है। चार अक्तूबर से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पंजाब में तीन दिन तक भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
इसे लेकर मौसम विभाग चंडीगढ़ ने येलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान के मुताबिक पांच से आठ अक्तूबर तक पंजाब में बारिश की संभावना है। इसके बाद मौसम साफ हो जाएगा। इस बीच, बुधवार को पंजाब के चार जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
मोहाली में 11.0, रोपड़ में 0.5, पठानकोट में 4.5, चंडीगढ़ में 1.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। जिन जिलों में बारिश हुई, वहां अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।