पंजाबी अभिनेता जसविंदर भल्ला नहीं रहे, 65 साल की उम्र में हुआ निधन
पंजाब के कॉमेडी किंग डॉ. जसविंदर भल्ला (65) का शुक्रवार को निधन हो गया। डॉ. जसविंदर भल्ला को बीती रात (20 अगस्त) ब्रेन अटैक आया था, जिसके बाद उन्हें मोहाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कल रात से ही उनकी तबीयत काफी खराब थी। आज सुबह करीब 4 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
परिवार के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार कल (23 अगस्त) दोपहर 1 बजे मोहाली में किया जाएगा। बताया जा रहा है कि भल्ला की बेटी 10 दिन पहले यूरोप गई थीं। अब वह अपने पिता के निधन के बाद वापस आ रही हैं। वह आज शाम तक मोहाली पहुँच जाएँगी, जबकि बेटा घर पर ही है।
उधर, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी जसविंदर भल्ला के निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जसविंदर भल्ला के अचानक इस दुनिया से चले जाने से मन बहुत दुखी है। छनक दी छनक के अंत से मन दुखी है। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें। चाचा चतरा हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे।
बता दें कि जसविंदर भल्ला का जन्म 4 मई 1960 को लुधियाना के दोराहा में हुआ था। उन्होंने 1988 में "छनकटा 88" से बतौर हास्य कलाकार अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद, वह फिल्म "दुल्ला भट्टी" में अभिनेता भी बने।