अमेरिका में पंजाबी ट्रक ड्राइवर गिरफ्तार, कैलिफोर्निया में भीषण हादसे में 3 की मौत

अमेरिका में पंजाबी ट्रक ड्राइवर गिरफ्तार, कैलिफोर्निया में भीषण हादसे में 3 की मौत

अमेरिका के कैलिफोर्निया में पंजाब के एक ट्रक ड्राइवर द्वारा किया गया हादसा तीन लोगों की जान ले गया। यह भीषण दुर्घटना 22 अक्टूबर 2025 को I-10 फ्रीवे पर हुई, जिसमें करीब दस वाहन टकरा गए। हादसे के बाद पुलिस ने ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी की पहचान जशनप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जो ट्रक चलाते समय अचानक नियंत्रण खो बैठा। ट्रक पहले सड़क के बीच खड़ी कारों से टकराया, फिर किनारे खड़े अन्य वाहनों को भी रौंद दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। अमेरिकी पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में जशनप्रीत के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल वह सैन बर्नार्डिनो काउंटी शेरिफ विभाग की हिरासत में है और उससे पूछताछ जारी है।

विदेशी एजेंसियों के अनुसार, जशनप्रीत सिंह अवैध रूप से अमेरिका गया था और यूबा सिटी में रह रहा था। वर्ष 2022 में उसे कैलिफोर्निया बॉर्डर पर अवैध प्रवेश के आरोप में पकड़ा गया था, लेकिन बाद में रिहा कर दिया गया था। अब यूएस इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) ने उसकी हिरासत के लिए औपचारिक अनुरोध किया है। बता दें कि इससे पहले 12 अगस्त को लुधियाना निवासी हरजिंदर सिंह के ट्रक से हुए हादसे में भी तीन लोगों की मौत हुई थी। कोर्ट ने उसे 45 साल की सजा सुनाई थी।