पंजाब-चंडीगढ़ में रोडवेज यूनियन ने फिलहाल हड़ताल रोकी, बस टेंडर प्रक्रिया स्थगित

पंजाब-चंडीगढ़ में रोडवेज यूनियन ने फिलहाल हड़ताल रोकी, बस टेंडर प्रक्रिया स्थगित

पंजाब और चंडीगढ़ में रोडवेज, पनबस और PRTC कॉन्ट्रैक्ट वर्कर यूनियन द्वारा प्रस्तावित चक्का जाम आंदोलन को फिलहाल टाल दिया गया है। बुधवार को डिपो परिसर में हुई बैठक के बाद यूनियन नेताओं ने घोषणा की कि सरकार द्वारा बस टेंडर प्रक्रिया रोकने के फैसले के बाद वे 31 अक्टूबर तक हड़ताल स्थगित कर रहे हैं।

यूनियन प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि अगर तय तारीख तक सरकार ने कोई ठोस समाधान नहीं निकाला तो अचानक से एक्शन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा, “अगली बार बिना पूर्व सूचना के जहां बसें खड़ी होंगी, वहीं रोक दी जाएंगी और हाइवे जाम किए जाएंगे।” इससे पहले अमृतसर में हुए प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों और पुलिस के बीच धक्कामुक्की की स्थिति बन गई थी। कुछ कर्मचारी हाईवे पर उतरकर बसों के नीचे लेट गए और नारेबाजी करने लगे। वहीं जालंधर में आंदोलन शुरू होने से पहले ही पुलिस ने डिपो परिसर को घेर लिया और कर्मचारियों को बाहर निकलने से रोक दिया, जिसके बाद उन्होंने वहीं धरना शुरू कर दिया।

चंडीगढ़ में सरकार और यूनियन प्रतिनिधियों के बीच हुई बातचीत के बाद स्थिति सामान्य हो गई है। वहीं लुधियाना और अमृतसर में भी पुलिस ने एहतियाती तौर पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।