भारत और फ्रांस के बीच राफेल डील, जानिए क्या है इन राफेल की खासियत

भारत और फ्रांस के बीच राफेल डील, जानिए क्या है इन राफेल की खासियत

भारत और फ्रांस ने सोमवार को 26 राफेल लड़ाकू विमानों के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए। भारत की ओर से रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस सौदे के तहत भारत फ्रांस से 22 सिंगल-सीटर विमान और 4 डबल-सीटर विमान खरीदेगा।

ये जहाज परमाणु बम गिराने की क्षमता से लैस होंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्रांस के साथ यह डील करीब 63,000 करोड़ रुपये में हो रही है। हथियार खरीद के मामले में यह भारत का फ्रांस के साथ अब तक का सबसे बड़ा सौदा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 23 अप्रैल को हुई सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (सीसीएस) की बैठक में विमान की खरीद को मंजूरी दी गई थी। पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद यह बैठक बुलाई गई थी।

भारत आईएनएस विक्रांत पर राफेल नौसैनिक विमान तैनात करेगा। विमान निर्माण कंपनी डसॉल्ट एविएशन ने भारत की आवश्यकताओं के अनुसार इन विमानों में कई बदलाव किए हैं।

इसमें विमान भेदी हमला, परमाणु हथियार छोड़ने की क्षमता और 10 घंटे तक की उड़ान रिकॉर्डिंग जैसी विशेषताएं शामिल हैं। इसके अलावा कंपनी भारत को हथियार प्रणाली, स्पेयर पार्ट्स और विमानों के लिए आवश्यक उपकरण भी उपलब्ध कराएगी।