Farmers Protest 2.0: फिर बेनतीजा रही सरकार के साथ बातचीत, आज भारत बंद का आह्वान

Farmers Protest 2.0:  फिर बेनतीजा रही सरकार के साथ बातचीत, आज भारत बंद का आह्वान

किसान नेताओं और केंद्र के मंत्रियों के बीच चंडीगढ़ में गुरुवार को तीसरे दौर की बातचीत ​भी बेनतीजा रही। यह बातचीत रात 8 बजे से करीब 1:30 बजे तक चली। सूत्रों के अनुसार किसान अपनी मांगों पर अड़े हैं और सरकार से सभी मांगों पर तुरंत घोषणा करने का दबाव बना रहे हैं। एक बार फिर एमएसपी को लेकर किसान अड़ गए हैं।

अब रविवार को फिर से बैठक होगी। तब तक दोनों पक्षों ने शांति बनाए रखने का आश्वासन दिया है। बैठक में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पीयूष गोयल, नित्यानंद राय के साथ पंजाब के सीएम भगवंत मान भी मौजूद रहे।

इससे पहले दो दौर की वार्ता क्रमश: आठ और 12 फरवरी को हुई थी जो बेनतीजा रही थी। बैठक में किसानों का प्रतिनिधित्व करने वाले नेताओं में संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) के जगजीत सिंह डल्लेवाल और किसान मजदूर संघर्ष समिति के महासचिव सरवन सिंह पंधेर शामिल हैं। इन दोनों संगठनों ने ही अपनी मांगों को लेकर केंद्र पर दबाव बनाने के वास्ते ‘दिल्ली चलो' का आह्वान किया है।