कानपुर के 10 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस और बम निरोधक दस्ता जांच में जुटा
उत्तर प्रदेश के कानपुर के 10 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। कानपुर के स्कूलों को ये धमकी ई-मेल के जरिए मिली है। जैसे ही ये ई-मेल स्कूल प्रबंधन के पास पहुंची तो हड़कंप की स्थिति पैदा हो गई। प्रशासन ने भी मामले की गंभीरता को समझा और पुलिस और बम निरोधक दस्ता मामले की जांच में लग गया ।

डीसीपी साउथ रवींद्र कुमार ने बताया कि सोमवार को केडीएमए स्कूल को धमकी भरी ई-मेल आई थी। जिसकी जानकारी मिलने के बाद स्कूल परिसर की बम और डॉग स्क्वाड से जांच करवाई गई। मंगलवार के दिन गुलमोहर पब्लिक स्कूल में धमकी भरी ई-मेल आई थी। बुधवार के दिन जैसे ही स्कूल खुला तो यहां भी चेकिंग करवाई गई। डीसीपी सेंट्रल आरएस गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि कौशलपुरी के सनातम धर्म एजुकेशन सेंटर की प्रिंसिपल को भी इसी तरह की धमकी भरी ई-मेल आई है।

बिठूर क्षेत्र के चिंटल्स स्कूल को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई है, डीसीपी वेस्ट विजय ढुल ने इस पर कहा कि मामले की जांच करवाई जा रही है। बता दें कि इसके अलावा भी शहर के छह और स्कूलों को इसी तरह के धमकी भरे ई-मेल आए हैं। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि सभी स्कूलों में बम निरोधक दस्ते भेजकर जांच करवाई जाएगी। साथ ही साथ टीमें ये जांचने में भी लगी हुई हैं कि आखिर ये ई-मेल्स कहां से भेजी गई हैं और किसकी ओर से भेजी गई हैं।

आपको बता दें कि अब तक गाजियाबाद, नोएडा और लखनऊ समेत कई जिलों के स्कूलों और प्रतिष्ठानों को धमकी भरी ई-मेल आ चुके हैं। ये बात अलग है कि पुलिस जांच में ये सभी फर्जी पाए गए हैं। लेकिन पुलिस फिर भी अपनी जांच में कोई कोताही नहीं बरतना चाहती है। इसलिए जांच में कोई ढिलाई नहीं बरती जा रही है। और हर चीज पर ध्यान दिया जा रहा है।